Search

August 11, 2026 2:40 am

स्नातक सीटों में कटौती के विरोध में केकेएम कॉलेज में तालाबंदी, छात्रों का आंदोलन छठे दिन भी जारी

पाकुड़। केकेएम कॉलेज में स्नातक की सीटों में भारी कटौती के विरोध में छात्र-छात्राओं और एनएसयूआई कार्यकर्ताओं का आंदोलन सोमवार को छठे दिन भी जारी रहा। विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से सकारात्मक पहल नहीं होने से आक्रोशित छात्रों ने सोमवार को कॉलेज के मुख्य गेट पर तालाबंदी कर जोरदार प्रदर्शन किया। इससे कॉलेज में कुछ समय के लिए आवागमन प्रभावित रहा। छात्रों का आरोप है कि सिदो कान्हू मुर्मू विश्वविद्यालय की ओर से जारी नए सीट निर्धारण में केकेएम कॉलेज की स्नातक सीटों में बड़ी कटौती की गई है। पूर्व में जहां करीब 4,800 सीटें निर्धारित थीं, वहीं अब इसे घटाकर 1,800 कर दिया गया है। छात्रों का कहना है कि सीटों में इतनी बड़ी कटौती से पाकुड़ सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के बड़ी संख्या में विद्यार्थियों के उच्च शिक्षा से वंचित होने का खतरा है।
आंदोलनरत छात्रों ने मांग की कि केकेएम कॉलेज में पूर्व निर्धारित सभी स्नातक सीटों को तत्काल बहाल किया जाए। साथ ही संथाल परगना के सभी महाविद्यालयों में विद्यार्थियों की संख्या और शैक्षणिक आवश्यकता के अनुरूप सीटों में वृद्धि की जाए तथा सीट कटौती से संबंधित आदेश को तत्काल वापस लिया जाए। छात्र नेता कमल मुर्मू ने कहा कि विश्वविद्यालय प्रशासन को पूर्व में पांच दिनों का अल्टीमेटम दिया गया था। इसके बावजूद छात्रों की मांगों पर कोई सकारात्मक पहल नहीं की गई। मजबूर होकर छात्रों को अनिश्चितकालीन आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ा है। उन्होंने कहा कि मांगें पूरी होने तक आंदोलन जारी रहेगा।
प्रदर्शन का नेतृत्व छात्र नेता कमल मुर्मू, छात्र नायक अजय हेंब्रम, उप छात्र नायक रोजी मरांडी और छात्र नायिका शबनम मरांडी ने किया। आंदोलन में एनएसयूआई से जुड़े कार्यकर्ताओं के अलावा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं शामिल रहे। छात्रों ने स्पष्ट किया कि सीटों की पूर्व व्यवस्था बहाल होने तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!