शादी से पहले घर में मातम—7 मई को बहन की थी शादी, 23 अप्रैल को भांजे की बहन का निकाह।
अमर भगत
अमड़ापाड़ा/पाकुड़: थाना क्षेत्र के बबईखोड़ा के पास बुधवार देर रात एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक सवार दो युवकों को कुचल दिया। हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतक की पहचान महेशपुर थाना क्षेत्र निवासी 22 वर्षीय सूफियान अंसारी के रूप में हुई है, जो पेशे से हाइवा चालक था। वहीं घायल युवक उसका भांजा 24 वर्षीय मोहम्मद सुलेमान अंसारी है, जो खलासी का काम करता है। जानकारी के अनुसार, दोनों बुधवार रात करीब 11 बजे एक ही मोटरसाइकिल से बलियाडंगाल से गुम्मामोड़ की ओर जा रहे थे। इसी दौरान बबईखोड़ा के पास अज्ञात वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों सड़क पर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए।
अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित,घायल को बंगाल
रेफर।
स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस ने दोनों को फतेहपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद सूफियान को मृत घोषित कर दिया। वहीं सुलेमान की हालत नाजुक देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए पश्चिम बंगाल रेफर किया गया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल सोनाजोड़ी भेज दिया है और अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी है।
दो परिवारों पर टूटा दुखों का पहाड़।
इस हादसे ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं। मृतक सूफियान की बहन की शादी 7 मई को तय थी, जिसकी तैयारियां चल रही थीं। वहीं घायल सुलेमान की बहन का निकाह 23 अप्रैल को होना है। घटना की खबर मिलते ही दोनों परिवारों में कोहराम मच गया। गांव में शोक का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।






