देवराज सरकार उर्फ नेमुआ मर्डर केस में खुलासे तेज, कई आरोपी पहले ही जेल में, बाकी की तलाश में दबिश जारी।
पाकुड़। नगर थाना क्षेत्र के ग्राम तलवाडांगा में 04 मार्च 2026 को हुए देवराज सरकार उर्फ नेमुआ सरकार हत्याकांड की जांच में पुलिस ने एक और महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है। विशेष जांच दल एसआईटी ने लगातार कार्रवाई करते हुए एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है, जिससे पूरे मामले में नया मोड़ आ गया है। पुलिस अधीक्षक कार्यालय द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, यह हत्या चाकू से की गई थी। इस संबंध में मृतक की पत्नी लता सरकार के आवेदन पर नगर थाना कांड संख्या-36/26, दिनांक 05.03.2026 को बीएनएस की विभिन्न गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, पाकुड़ के नेतृत्व में एसआईटी का गठन किया गया था। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 08 मार्च 2026 को दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया था, जबकि दो अन्य आरोपियों ने न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया था। इसी क्रम में एसआईटी ने 18 अप्रैल 2026 को एक और आरोपी डेनी सरकार (पिता-दिलीप सरकार, निवासी नंदीपाड़ा, तलवाडांगा) को गिरफ्तार किया है। आरोपी को न्यायालय में प्रस्तुत करने की कार्रवाई की जा रही है।
घटना में प्रयुक्त वाहन भी बरामद
पुलिस ने कार्रवाई के दौरान घटना में प्रयुक्त एक मोटरसाइकिल (JH16D4132) भी बरामद की है, जिससे जांच को और मजबूती मिली है।
आरोपी का लंबा आपराधिक रिकॉर्ड
गिरफ्तार आरोपी का पूर्व आपराधिक इतिहास भी रहा है, जिसमें मारपीट, धमकी, आर्म्स एक्ट और SC/ST एक्ट सहित कई गंभीर मामलों में संलिप्तता सामने आई है।
लगातार दबिश, जल्द और गिरफ्तारी की संभावना
छापेमारी दल में नगर थाना प्रभारी अनिल कुमार गुप्ता,पुलिस अवर निरीक्षक अभिषेक कुमार सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी और सशस्त्र बल के जवान शामिल हैं। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि फरार अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी अभियान जारी है और जल्द ही पूरे नेटवर्क का खुलासा होने की संभावना है।





