15 केंद्रों पर दो पालियों में शांतिपूर्ण ढंग से हुई जेसीएससी परीक्षा, हर केंद्र पर कड़ी निगरानी।
पाकुड़। झारखंड संयुक्त असैनिक सेवा प्रारंभिक परीक्षा 2025 रविवार को जिले में शांतिपूर्ण और कदाचार-मुक्त माहौल में संपन्न हो रही है। प्रशासन ने पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित करने के लिए सुरक्षा और निगरानी के व्यापक इंतजाम किए हैं। जिले के 15 परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा दो पालियों में आयोजित की जा रही है। उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने परीक्षा के दौरान खुद मैदान में उतरकर डॉन पब्लिक स्कूल, के.के.एम. कॉलेज और पाकुड़ राज +2 विद्यालय समेत कई केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने केंद्राधीक्षकों, दंडाधिकारियों और पुलिस अधिकारियों को साफ निर्देश दिया कि किसी भी सूरत में नकल या इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के इस्तेमाल को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि नियमों का उल्लंघन करने वालों पर तुरंत सख्त कानूनी कार्रवाई होगी। प्रशासन की ओर से सभी केंद्रों पर पेयजल, शौचालय, बिजली और बैठने की समुचित व्यवस्था की गई है ताकि परीक्षार्थियों को किसी तरह की परेशानी न हो। परीक्षा की पारदर्शिता बनाए रखने के लिए हर केंद्र पर वीडियोग्राफी कराई जा रही है, जबकि पुलिस बल की तैनाती के साथ मजिस्ट्रेट भी लगातार निगरानी में जुटे हैं। प्रशासन की सख्ती और सतर्कता के बीच परीक्षा पूरी तरह व्यवस्थित और शांतिपूर्ण ढंग से जारी रही।







