पाकुड़: ग्रामीण विकास विशेष प्रमंडल द्वारा पाकुड़ सदर प्रखंड के नसीपुर मौजा में स्वीकृत पुल निर्माण के स्थल चयन को लेकर विवाद गहरा गया है। बुधवार को सीतापहाड़ी गांव के आमतला टोला में सैकड़ों ग्रामीणों ने निर्माण स्थल के विरोध में प्रदर्शन किया। ग्रामीणों का स्पष्ट कहना है कि जिस स्थान (कैसर माठ) पर पुल का चयन किया गया है, वहां इसकी उपयोगिता कम है, जबकि आमतला टोला में इसकी सख्त जरूरत है।

रैयती जमीन और गरीबी बनी बाधा
मिली जानकारी के अनुसार, ग्रामीण विकास विशेष प्रमंडल विभाग की ओर से लगभग 24,53,000 की लागत से पुल निर्माण का टेंडर ठेकेदार हबीबुर रहमान को आवंटित किया गया है। विभागीय चयन के अनुसार पुल का निर्माण गांव से करीब दो किलोमीटर दूर एक नाले पर होना था।हालांकि, ग्रामीणों का आरोप है कि प्रस्तावित स्थल के दोनों ओर सीतापहाड़ी गांव के ही स्वर्गीय सदाकास शेख की रैयती जमीन है। उनकी विधवा पत्नी जन्नतुन वेवा ने कड़ा विरोध जताते हुए कहा, “मेरे पति के गुजरने के बाद मैं आठ बच्चों के साथ गरीबी में जीवन बसर कर रही हूं।नाले के दोनों तरफ मेरी दो बीघा जमीन है। मैं अपनी कीमती जमीन पर किसी भी कीमत पर पुल बनने नहीं दूगी।

आमतला टोला में निर्माण से होगा व्यापक लाभ
प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों ने तर्क दिया कि पूर्व में चयनित स्थल पर रास्ता नहीं होने के कारण पुल का निर्माण संभव नहीं दिख रहा है। यदि इसी पुल को कुछ ही दूरी पर आमतला टोला में बनाया जाता है, तो इससे सैकड़ों किसानों और आम जनता को आवागमन में बड़ी राहत मिलेगी। ग्रामीणों ने इसे जनहित में आवश्यक बताया और कहा कि कुछ लोग निजी स्वार्थ के कारण इसका विरोध कर रहे हैं, जो पूरी तरह से न्याय संगत नहीं है।

उपप्रमुख हैदर अली ने दिया आश्वासन
मौके पर पहुंचे प्रखंड उपप्रमुख हैदर अली ने ग्रामीणों की समस्याओं को सुना। उन्होंने स्वीकार किया कि वर्तमान परिस्थितियों में पुल की उपयोगिता आमतला टोला में अधिक है। उन्होंने आश्वासन दिया कि, “ग्रामीणों की मांग को देखते हुए विभाग को पत्र लिखकर स्थल परिवर्तन का आग्रह किया जाएगा। साथ ही, भविष्य में कैसर माठ में एक अन्य पुल निर्माण के लिए भी विभाग को प्रस्ताव भेजा जाएगा।”
इस अवसर पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने आवेदन पर हस्ताक्षर कर अपनी मांग बुलंद की। ग्रामीणों ने विभाग से जल्द से जल्द स्थल परिवर्तन कर निर्माण कार्य शुरू करने की अपील की है ताकि वर्षा ऋतु से पहले आवागमन सुगम हो सके। मौके पर उप प्रमुख हैदर अली ,उपमुखिया अस्मोहमद ,तोता शेख ,मंजूर आलम, पिंटू रहमान, फारुक शेख, सारूल बारीक ,हॉयल शेख , शिशमहम्मद शेख, हाकिम शेख आदि मौजूद रहे।







