पाकुड़ में निवर्तमान उपायुक्त मनीष कुमार एवं निवर्तमान पुलिस अधीक्षक निधि द्विवेदी के सम्मान में विदाई सह स्वागत समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रशासनिक, न्यायिक एवं पुलिस पदाधिकारियों की गरिमामयी उपस्थिति रही।
पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह ने अपने संबोधन में निवर्तमान उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक को नए दायित्व के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उनके कार्यकाल में जिले में विधि-व्यवस्था सुदृढ़ रही तथा अपराध पर प्रभावी नियंत्रण देखने को मिला। उन्होंने विश्वास दिलाया कि वे भी पूरी निष्ठा, ईमानदारी एवं समर्पण के साथ कार्य करते हुए जिले में शांति एवं भयमुक्त वातावरण बनाए रखने का प्रयास करेंगे।
फैमिली जज ने कहा कि अपने न्यायिक सेवा काल में यह पहला अवसर है जब वे किसी उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक के विदाई समारोह में शामिल हुए हैं। उन्होंने दोनों पदाधिकारियों के व्यक्तित्व, कार्यशैली एवं संवेदनशील नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि इनके साथ कार्य करना एक विशेष अनुभव रहा। प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश ने कहा कि अल्प अवधि में ही उन्होंने जिले में प्रशासनिक, पुलिस एवं न्यायिक पदाधिकारियों के बीच उत्कृष्ट समन्वय देखा, जो उनके लंबे सेवा अनुभव में दुर्लभ रहा है। उन्होंने दोनों पदाधिकारियों के कार्यों एवं मानवीय मूल्यों की सराहना की। निवर्तमान पुलिस अधीक्षक निधि द्विवेदी ने अपने संबोधन में कहा कि पाकुड़ उनके लिए एक यादगार पड़ाव रहा है। उन्होंने अपने कार्यकाल के दौरान मिले सहयोग के लिए पुलिस बल, प्रशासनिक अधिकारियों एवं स्टाफ का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि एक मजबूत एवं तकनीकी रूप से सक्षम टीम तैयार की गई है, जो भविष्य में भी बेहतर कार्य करेगी।
निवर्तमान उपायुक्त मनीष कुमार ने कहा कि स्थानांतरण सेवा का हिस्सा है, किंतु पाकुड़ से जुड़ाव हमेशा विशेष रहेगा। उन्होंने जिले की उपलब्धियों का श्रेय पूरी टीम को देते हुए कहा कि आपसी समन्वय, सम्मान एवं समर्पण के कारण सभी कार्य सफलतापूर्वक संपन्न हुए।उन्होंने एसडीपीओ, थाना प्रभारियों, पुलिस बल, चौकीदारों एवं होमगार्ड के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि सभी ने विधि- व्यवस्था बनाए रखने में उत्कृष्ट भूमिका निभाई।उन्होंने, विधानसभा आम चुनाव, नगरपालिका आम निर्वाचन, रामनवमी, मुहर्रम, ईद, दुर्गापूजा, क्रिसमस एवं सोहराय महोत्सव जैसे संवेदनशील अवसरों पर टीम की तत्परता एवं जिम्मेदारी की सराहना की तथा आगामी समय में भी सतर्क एवं समर्पित होकर कार्य करने का आह्वान किया। कार्यक्रम के अंत में सभी पदाधिकारियों एवं कर्मियों द्वारा निवर्तमान उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक को भावभीनी विदाई दी गई तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।








