पाकुड़/महेशपुर, प्रखंड में गुरुवार को किशोर-किशोरियों के मानसिक सशक्तिकरण को लेकर एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। पीसीआई, यूनिसेफ, सीसीआर, एनयूएसआरएल और जेएसएलपीएस के संयुक्त तत्वावधान में हुए इस कार्यक्रम का विषय रहा— सकारात्मक शारीरिक छवि, आत्मसम्मान एवं परिवार आधारित देखभाल। प्रशिक्षण जेएसएलपीएस के सीएलएफ परिसर में आयोजित हुआ, जिसमें पीवीटीजी चेंज मेकर और जेंडर सीआरपी ने भाग लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य 15 से 21 वर्ष आयु वर्ग के किशोर-किशोरियों के बीच आत्मसम्मान बढ़ाना, सकारात्मक सोच विकसित करना और परिवार आधारित देखभाल के प्रति जागरूकता फैलाना था। सत्र के दौरान प्रतिभागियों को कॉमिक्स, समूह चर्चा और अन्य सहभागितापूर्ण तरीकों से जागरूकता फैलाने के तरीके बताए गए। गतिविधि आधारित सत्रों के माध्यम से बॉडी इमेज, आत्मसम्मान और मानसिक सशक्तिकरण के विषय को सरल तरीके से समझाया गया। प्रशिक्षण में डीपीसी मोहम्मद अनीस और सीसीआर के नरेंद्र कुमार ने सत्रों का संचालन किया। मौके पर जेएसएलपीएस महेशपुर के बीपीएम उज्ज्वल कुमार भी मौजूद रहे। कार्यक्रम के अंत में प्रतिभागियों ने अपने-अपने क्षेत्रों में जागरूकता फैलाने और किशोर-किशोरियों व महिलाओं के आत्मसम्मान को मजबूत करने का संकल्प लिया। यह प्रशिक्षण सामुदायिक विकास और जेंडर समानता की दिशा में एक अहम पहल माना जा रहा है।





