लिट्टीपाड़ा विधानसभा क्षेत्र के फूलपहाड़ी गांव में हुए दर्दनाक सड़क हादसे में दो युवकों की मौत के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। इस घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय विधायक हेमलाल मुर्मू ने संवेदनशीलता दिखाते हुए शनिवार को मृतकों के परिजनों से मुलाकात की। विधायक मुर्मू मृतक वकील मरांडी और फिलिप हंसदा के घर पहुंचे, जहां उन्होंने शोक संतप्त परिवारों को ढांढस बंधाया और हरसंभव सहायता का भरोसा दिलाया। इस दौरान उन्होंने तत्काल राहत स्वरूप दोनों परिवारों को दस-दस हजार रुपये की आर्थिक सहायता भी प्रदान की। विधायक ने कहा कि इस दुख की घड़ी में पूरा प्रशासन और वे स्वयं पीड़ित परिवारों के साथ खड़े हैं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से भी आवश्यक सहायता सुनिश्चित करने की बात कही। मौके पर केंद्रीय समिति सदस्य एवं युवा नेता विकास मुर्मू, प्रखंड उपाध्यक्ष रंजन साहा, करुण मंडल सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे। गांव में इस हृदयविदारक घटना के बाद मातम पसरा हुआ है और लोग पीड़ित परिवारों के प्रति अपनी संवेदना प्रकट कर रहे हैं।








