पाकुड़: महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक सराहनीय पहल करते हुए पाकुड़ वन प्रमंडल द्वारा हिरणपुर प्रखंड के बरमसिया क्षेत्र में बत्तख चूजों का वितरण किया गया। शनिवार को बीरगांव और दुलमीडांगा गांव की चयनित व प्रशिक्षित महिलाओं के बीच यह कार्यक्रम आयोजित किया गया। गौरतलब है कि 19 अप्रैल को प्राथमिक विद्यालय दुलमीडांगा परिसर में विशेषज्ञों द्वारा महिलाओं को बत्तख पालन का विशेष प्रशिक्षण दिया गया था। प्रशिक्षण के बाद अब उन्हें स्वरोजगार से जोड़ने के उद्देश्य से संसाधन उपलब्ध कराए गए। कार्यक्रम के दौरान प्रत्येक लाभुक महिला को 50 बत्तख चूजे, 50 किलो फीड, आवश्यक दवाएं और एक डलिया नव पदोन्नत वनक्षेत्र पदाधिकारी बबलू कुमार देहरी द्वारा प्रदान किया गया। इस पहल से लाभुक महिलाओं में उत्साह का माहौल देखा गया।
वितरण के बाद महिलाओं ने वन प्रमंडल के इस प्रयास के प्रति आभार जताते हुए कहा कि इससे उन्हें रोजगार का नया अवसर मिला है और वे आर्थिक रूप से सशक्त बन सकेंगी। वन प्रमंडल पदाधिकारी ने बताया कि यह पहल ग्रामीण महिलाओं को सशक्त बनाने और उन्हें आत्मनिर्भरता की ओर अग्रसर करने के उद्देश्य से शुरू की गई है, जिसका सकारात्मक असर आने वाले समय में देखने को मिलेगा।





