पाकुड़। जिला योजना अनाबद्ध निधि से चल रही योजनाओं की समीक्षा बैठक में उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने साफ कर दिया कि विकास कार्यों में लापरवाही और घटिया निर्माण किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं होगा। उन्होंने सभी विभागों और एजेंसियों को निर्देश दिया कि तय समयसीमा के भीतर गुणवत्ता के साथ कार्य पूरा करें, नहीं तो कार्रवाई तय है।
बैठक में विभिन्न विभागों की योजनाओं की प्रगति की बारीकी से समीक्षा की गई। डीसी ने कहा कि जिन योजनाओं का एग्रीमेंट हो चुका है, उन्हें तुरंत जमीन पर शुरू किया जाए और कार्य में तेजी लाई जाए, ताकि विकास कार्य प्रभावित न हों।
उन्होंने दो टूक कहा कि खराब या मानक के विपरीत किए गए निर्माण का भुगतान नहीं किया जाएगा। हर कार्य का नियमित निरीक्षण जरूरी है और गुणवत्ता, पारदर्शिता व जवाबदेही सुनिश्चित करना सभी विभागों की जिम्मेदारी है। भूमि और वन संबंधी अड़चनों पर भी डीसी ने सख्त रुख अपनाया। उन्होंने निर्देश दिया कि किसी भी योजना में लैंड या फॉरेस्ट इश्यू हो तो उसका तुरंत समाधान किया जाए, ताकि काम बाधित न हो एनएचएआई की परियोजनाओं की समीक्षा करते हुए भी उन्होंने समयबद्ध तरीके से कार्य पूरा करने और गुणवत्ता बनाए रखने पर जोर दिया। साथ ही कहा कि जिले के समग्र विकास के लिए सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय जरूरी है। बैठक में विभिन्न विभागों के पदाधिकारी, कार्यपालक अभियंता और एजेंसियों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।





