राजकुमार भगत
पाकुड़ नगर परिषद क्षेत्र में जनगणना 2027 के सफल संचालन को लेकर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। इसी कड़ी में प्रथम चरण के तहत प्रगणकों और पर्यवेक्षकों के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम की शुरुआत वीर कुंवर सिंह भवन (पुराना टाउन हॉल) में की गई। यह प्रशिक्षण कार्यक्रम 27 अप्रैल 2026 से 9 मई 2026 तक चलेगा। इसमें जनगणना से जुड़े अहम कार्यों—मकान सूचीकरण, यूनिट पहचान, द्वितीय चरण में जनसंख्या गणना, नागरिकों से पूछे जाने वाले प्रश्न और डेटा को ऑनलाइन सबमिट करने की पूरी प्रक्रिया की विस्तार से जानकारी दी जा रही है।
जिला सांख्यिकी कार्यालय द्वारा नियुक्त फील्ड ट्रेनर विनोद कुमार सिंह और मो. मोबाश्शिर हुसैन प्रशिक्षण दे रहे हैं। उनका फोकस इस बात पर है कि सभी प्रगणक और पर्यवेक्षक तकनीकी रूप से दक्ष हों, ताकि जनगणना का कार्य तय समय पर और बिना किसी बाधा के पूरा किया जा सके। प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान नगर अध्यक्ष श्रीमती साबरी पाल, जनगणना चार्ज पदाधिकारी सह कार्यपालक पदाधिकारी अमरेंद्र कुमार चौधरी, नगर परिषद के कर्मी, प्रगणक और पर्यवेक्षक मौजूद रहे। अधिकारियों ने कहा कि यह प्रशिक्षण जनगणना की सफलता की नींव है और इससे पूरे कार्य को सटीक व व्यवस्थित तरीके से संपन्न करने में मदद मिलेगी।





