पलामू : शहर के योध सिंह नामधारी महिला कॉलेज परीक्षा केंद्र पर उस समय स्थिति बिगड़ गई जब हिंदी माध्यम के छात्रों को गलती से अंग्रेजी भाषा के प्रश्नपत्र बांट दिए गए। इस गंभीर चूक के विरोध में छात्रों ने परीक्षा केंद्र पर हंगामा शुरू कर दिया, जिससे परीक्षा संचालन बाधित हो गया।
स्थिति तनावपूर्ण होते देख मौके पर मौजूद पुलिस बल को हल्का बल प्रयोग करना पड़ा, जिसके बाद हालात पर काबू पाया जा सका।
परीक्षार्थियों ने आरोप लगाया कि उन्हें दिए गए प्रश्नपत्र ज़ेरॉक्स कॉपी के रूप में थे, जो धुंधले और पढ़ने में कठिन थे। इसके अलावा परीक्षा के दौरान कई तकनीकी खामियों की भी शिकायत सामने आई है, जिससे पूरी प्रक्रिया की निष्पक्षता पर सवाल उठने लगे हैं।
हंगामे की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे और छात्रों को समझा-बुझाकर स्थिति को शांत कराया। प्रशासन के हस्तक्षेप के बाद परीक्षा दोबारा शुरू कराई गई, लेकिन अव्यवस्था के कारण परीक्षा देर रात करीब 10 बजे समाप्त हुई।
घटना के बाद भी छात्रों और अभिभावकों में नाराजगी बनी हुई है। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की लापरवाही दोबारा न हो।











