पाकुड़: नगर क्षेत्र के आदर्श नगर मोहल्ले में पेयजल संकट गंभीर रूप ले चुका है। मोहल्ले में स्थित बोरिंग घर की जर्जर हालत के कारण शुक्रवार को हुई तेज बारिश का पानी भवन के अंदर प्रवेश कर गया, जिससे बोरिंग की मोटर पूरी तरह भीगकर खराब हो गई। इसके चलते पूरे क्षेत्र की पेयजल आपूर्ति अचानक ठप हो गई और स्थानीय लोगों को पानी की भारी किल्लत का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों के अनुसार बोरिंग घर की छत काफी समय से जर्जर अवस्था में थी और लगातार पानी टपकने की समस्या बनी हुई थी। इसकी जानकारी नगर परिषद के संबंधित पदाधिकारियों को पहले ही दी जा चुकी थी, लेकिन मरम्मत को लेकर कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। शुक्रवार को हुई बारिश के दौरान स्थिति और बिगड़ गई, जब छत से भारी मात्रा में पानी टपककर सीधे मोटर पर गिरा। इससे मोटर पूरी तरह जलमग्न हो गई और उसके खराब होने की आशंका बढ़ गई। तकनीकी खराबी और करंट लगने के खतरे को देखते हुए स्थानीय लोगों ने फिलहाल मोटर को चालू करना बंद कर दिया है।
पेयजल आपूर्ति बाधित होने से आदर्श नगर के निवासियों में आक्रोश व्याप्त है। लोगों का कहना है कि प्रशासन की लापरवाही के कारण यह स्थिति उत्पन्न हुई है और अब उन्हें पानी के लिए इधर-उधर भटकना पड़ रहा है। स्थानीय नागरिकों ने नगर प्रशासन और संबंधित विभाग से मांग की है कि बोरिंग घर की तत्काल मरम्मत कराई जाए तथा खराब हुई मोटर की जांच कर जल्द से जल्द पेयजल आपूर्ति बहाल की जाए, ताकि मोहल्ले में व्याप्त जल संकट समाप्त हो सके।






