अक्षय कुमार
घाटो। टाटा डीएवी पब्लिक स्कूल, भुइयांडीह में 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का आयोजन उत्साह एवं श्रद्धा के साथ किया गया। इस अवसर पर विद्यालय में योग सत्र के साथ-साथ वैदिक हवन कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया, जिसमें छात्र-छात्राओं, शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं शिक्षकेत्तर कर्मचारियों ने सक्रिय सहभागिता निभाई। योग शिक्षक प्रदीप कुमार सिन्हा के निर्देशन में सभी प्रतिभागियों ने भस्त्रिका, कपालभाति, अनुलोम-विलोम, भ्रामरी प्राणायाम तथा वृक्षासन, भुजंगासन, पद्मासन, वज्रासन एवं गोमुखासन सहित विभिन्न योगासनों का अभ्यास किया। उन्होंने योग को स्वस्थ एवं संतुलित जीवन की आधारशिला बताते हुए नियमित अभ्यास के लिए प्रेरित किया।


प्राचार्या डॉ. सोनिया तिवारी ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि “योग व्यक्ति के शारीरिक, मानसिक एवं चारित्रिक विकास का सशक्त माध्यम है। यह भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है, जो आज के आधुनिक जीवन में भी उतनी ही प्रासंगिक है।” उन्होंने बताया कि वर्ष 2026 के अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की थीम “स्वस्थ आयु के लिए योग” है, जो सभी आयु वर्ग के लोगों को स्वस्थ, सक्रिय और संतुलित जीवन अपनाने का संदेश देती है।

आयोजित हवन में सभी ने विश्व कल्याण, स्वास्थ्य, शांति एवं समृद्धि की कामना की। योग एवं यज्ञ के इस समन्वित आयोजन ने विद्यालय परिसर में सकारात्मक ऊर्जा, अनुशासन और आध्यात्मिक वातावरण का संचार किया। कार्यक्रम के समापन पर प्रतिभागियों ने स्वयं को ऊर्जावान, प्रसन्न एवं तनावमुक्त महसूस किया तथा नियमित योगाभ्यास का संकल्प लिया।





