Search

August 29, 2026 11:05 pm

युवती से दुष्कर्म के आरोप में युवक गिरफ्तार, भेजा गया जेल

सानू कुमार

महेशपुर। महेशपुर थाना क्षेत्र के कैराछत्तर गांव में 24 वर्षीय मूक-बधिर युवती के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है। घटना को लेकर पीड़िता की मामी ने महेशपुर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने कैराछत्तर गांव निवासी रोहित राय के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस को दिए आवेदन में वादिनी ने बताया कि 27 अगस्त की सुबह करीब सात बजे उसकी भांजी गांव के समीप स्थित पुराने एवं बंद पड़े अस्पताल की ओर बकरी चराने गई थी। आरोप है कि इसी दौरान रोहित राय ने उसके साथ दुष्कर्म किया। करीब आठ बजे जब युवती घर लौटी तो उसने इशारों के माध्यम से परिजनों को अपने साथ हुई घटना की जानकारी दी। इसके बाद परिजन आरोपी के घर पहुंचे और उसके परिवार के सदस्यों को घटना की जानकारी दी। हालांकि, उस समय आरोपी रोहित राय घर से फरार था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पीड़िता की मामी की लिखित शिकायत पर महेशपुर थाना में कांड संख्या 148/26 के तहत सुसंगत धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई। प्राथमिकी दर्ज होने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी रोहित राय को गिरफ्तार कर लिया। शनिवार को उसका स्वास्थ्य परीक्षण कराने के बाद पुलिस ने उसे न्यायिक हिरासत में पाकुड़ जेल भेज दिया। पुलिस मामले की आगे की जांच में जुटी है।

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!