इकबाल हुसैन
महेशपुर-पाकुड़िया मुख्य मार्ग पर 22 जून को हुए सड़क हादसे में घायल देवीनगर निवासी 20 वर्षीय नयन सिंह की रविवार को इलाज के दौरान कोलकाता के एक अस्पताल में मौत हो गई। नयन पिछले छह दिनों से जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रहा था। नयन सिंह, निक्कू सिंह का पुत्र था। हादसे के बाद गंभीर हालत में उसे बेहतर इलाज के लिए पश्चिम बंगाल रेफर किया गया था, जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। बताया जाता है कि 22 जून की शाम दुमकाडंगाल गांव के समीप हुए इस हादसे में स्कूटी सवार एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि नयन गंभीर रूप से घायल हो गया था। नयन की मौत के बाद इस सड़क हादसे में मृतकों की संख्या बढ़कर दो हो गई है। रविवार को नयन की मौत की खबर मिलते ही देवीनगर गांव में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों ने बताया कि नयन मिलनसार और व्यवहार कुशल युवक था। उसकी असमय मौत से पूरे गांव में गम का माहौल है।






