रांची। झारखंड में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान को गति देने के लिए मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने गुरुवार को मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में स्वयं एसआईआर (एन्यूमरेशन) प्रपत्र भरकर जमा किया। इस दौरान उन्होंने राज्य के सभी पात्र मतदाताओं से निर्धारित समय सीमा के भीतर प्रपत्र भरकर अपने मतदाता विवरण का सत्यापन कराने की अपील की। मुख्यमंत्री ने कहा कि मतदान का अधिकार सुरक्षित रखना हर नागरिक की जिम्मेदारी है। मतदाता सूची का शुद्ध और अद्यतन होना स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं पारदर्शी चुनाव की आधारशिला है। उन्होंने लोगों से एसआईआर अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने तथा अपने परिवार, पड़ोस और समाज के अन्य पात्र मतदाताओं को भी प्रपत्र भरने के लिए प्रेरित करने का आग्रह किया।
मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में निर्वाचन अधिकारियों की मौजूदगी में 64-हटिया विधानसभा क्षेत्र के बूथ संख्या-290 की बीएलओ ने प्रपत्र भरने की प्रक्रिया पूरी कराई। इस अवसर पर विधायक कल्पना सोरेन ने भी अपना एसआईआर प्रपत्र भरकर जमा किया। राज्य में विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के तहत बूथ स्तरीय अधिकारी (बीएलओ) घर-घर जाकर मतदाताओं को एन्यूमरेशन प्रपत्र उपलब्ध करा रहे हैं तथा उनके विवरण का सत्यापन कर रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी पात्र मतदाता समय पर सत्यापन कराकर अपने मताधिकार को सुरक्षित रखें।








