पाकुड़। शहर में शराब बिक्री व्यवस्था को सुरक्षित और नियमों के अनुरूप बनाए रखने के लिए शनिवार को पुलिस ने विशेष जांच अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एसडीपीओ के नेतृत्व में नगर थाना क्षेत्र की सभी शराब दुकानों और लाइसेंसी बीयर बारों का औचक निरीक्षण किया गया।जांच के दौरान पुलिस अधिकारियों ने दुकानों में लगे सीसीटीवी कैमरों की गुणवत्ता, मुख्य प्रवेश द्वार पर ग्रिल और ताले की व्यवस्था, आवश्यक हेल्पलाइन व मोबाइल नंबरों के प्रदर्शन सहित अन्य सुरक्षा मानकों का निरीक्षण किया। संचालकों को स्पष्ट निर्देश दिया गया कि किसी भी परिस्थिति में नाबालिगों को शराब की बिक्री न करें और न ही उनसे बिक्री का कार्य कराया जाए। पुलिस ने कहा कि सभी लाइसेंसधारी प्रतिष्ठानों को निर्धारित नियमों का कड़ाई से पालन करना होगा। सुरक्षा व्यवस्था में लापरवाही या नियमों के उल्लंघन की शिकायत मिलने पर संबंधित संचालकों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का कहना है कि ऐसे निरीक्षण आगे भी जारी रहेंगे, ताकि शराब की बिक्री पूरी तरह नियमों के अनुरूप हो और कानून-व्यवस्था बनी रहे।







