Search

July 4, 2026 9:52 pm

मतदाता सूची में किसी पात्र का नाम नहीं छूटे, पुनरीक्षण कार्य समय पर पूरा करें: उपायुक्त।

पाकुड़। मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 अभियान को पूरी पारदर्शिता और समयबद्ध तरीके से पूरा करने के उद्देश्य से जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने शनिवार को पाकुड़ विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि पुनरीक्षण कार्य के दौरान किसी भी पात्र मतदाता का नाम सूची से नहीं छूटना चाहिए और हर आवेदन का नियमानुसार व गुणवत्तापूर्ण निष्पादन सुनिश्चित किया जाए। उपायुक्त ने पाकुड़ विधानसभा के निर्वाची पदाधिकारी सह अपर समाहर्ता जेम्स सुरीन के साथ रहसपुर, बूथ संख्या-266, प्राथमिक विद्यालय रणडागा स्थित बूथ संख्या-193 तथा बैंक कॉलोनी के बूथ संख्या-403 का निरीक्षण कर विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान की प्रगति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने बूथ लेवल अधिकारियों (BLO) के कार्यों, घर-घर संपर्क अभियान, मतदाताओं से प्राप्त आवेदनों, अभिलेखों के संधारण और भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुपालन की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने बीएलओ और पर्यवेक्षकों को निर्देश दिया कि निर्धारित समयसीमा के भीतर शत-प्रतिशत कवरेज सुनिश्चित करते हुए अभियान को सफलतापूर्वक पूरा करें।
उपायुक्त ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान का उद्देश्य मतदाता सूची को त्रुटिरहित, अद्यतन और समावेशी बनाना है। इसके तहत नए पात्र मतदाताओं के नाम जोड़ने, स्थानांतरित या अपात्र मतदाताओं की प्रविष्टियों का नियमानुसार निष्पादन तथा आवश्यक संशोधन पूरी निष्पक्षता और पारदर्शिता के साथ किए जाने चाहिए, ताकि प्रत्येक योग्य नागरिक अपने मताधिकार का निर्बाध उपयोग कर सके। निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने मतदान केंद्रों पर मौजूद मतदाताओं से भी बातचीत की। उन्होंने लोगों से मतदाता सूची में अपना नाम अवश्य जांचने, आवश्यकता होने पर निर्धारित प्रपत्र के माध्यम से आवेदन करने तथा अन्य पात्र नागरिकों को भी इस अभियान से जोड़ने की अपील की। इस अवसर पर एईआरओ सह अंचलाधिकारी अरविंद कुमार बेदिया भी उपस्थित थे।

img 20260704 wa00178200504798946869976
img 20260704 wa00144513954535581139605

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!