Search

July 6, 2026 10:58 pm

स्कूलों में शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने पर जोर, गुरु गोष्ठी में नामांकन, आधार कैंप और बुनियादी सुविधाओं की हुई समीक्षा

लिट्टीपाड़ा, पाकुड़। प्रखंड संसाधन केंद्र (बीआरसी) लिट्टीपाड़ा में सोमवार को आयोजित मासिक गुरु गोष्ठी में विद्यालयों की शैक्षणिक गुणवत्ता, छात्र हित से जुड़ी योजनाओं और आधारभूत सुविधाओं को लेकर व्यापक समीक्षा की गई। बैठक की अध्यक्षता बीआरपी मो. इरशाद आलम ने की। इसमें प्रखंड के सभी सीआरपी, बीआरपी एवं शिक्षक-शिक्षिकाओं ने भाग लिया। बैठक में विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करने के साथ-साथ नामांकन अभियान को तेज करने और ‘डहर’ कार्यक्रम के तहत स्कूल से बाहर बच्चों को मुख्यधारा से जोड़ने पर विशेष जोर दिया गया। शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता लाने के लिए सामाजिक अंकेक्षण को प्रभावी ढंग से लागू करने के निर्देश दिए गए। पर्यावरण संरक्षण के तहत इको क्लब के माध्यम से “एक पेड़ मां के नाम” अभियान को गति देने का निर्णय लिया गया। सभी विद्यालयों में वृक्षारोपण कराने के साथ छात्रों की सुविधा के लिए विशेष आधार नामांकन शिविर आयोजित करने पर सहमति बनी। पात्र छात्र-छात्राओं के बीच साइकिल वितरण की प्रगति की भी समीक्षा की गई। गुरु गोष्ठी में विद्यालय भवनों की स्थिति, शौचालय, शुद्ध पेयजल, किचन शेड और मध्याह्न भोजन की गुणवत्ता को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। इसके अलावा प्रोजेक्ट रेल ऐप के माध्यम से शैक्षणिक मूल्यांकन, आगामी परीक्षाओं की तैयारी, विद्यालय प्रबंधन समिति (एसएमसी) के पुनर्गठन तथा प्रोजेक्ट इम्पैक्ट की प्रगति की समीक्षा की गई। बैठक के अंत में शिक्षकों एवं विद्यार्थियों की शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करने और सभी शैक्षणिक गतिविधियों को डिजिटल ऐप्स पर नियमित रूप से अपडेट करने पर बल दिया गया। मौके पर पूरन साहा, रोहित दास समेत कई सीआरपी, बीआरपी और शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित थे।

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!