पाकुड़। झारखंड राज्य क्रिकेट संघ (JSCA) ने वर्ष 2026-27 सत्र के लिए आयोजित होने वाले अंडर-19 पुरुष क्रिकेट कैंप के लिए 22 खिलाड़ियों की सूची जारी कर दी है। इस सूची में पाकुड़ के होनहार क्रिकेटर प्रियांशु कुमार का लेग स्पिनर के रूप में चयन हुआ है। उनके चयन से जिले के खेल प्रेमियों और क्रिकेट जगत में खुशी की लहर है।
JSCA के निर्देशानुसार चयनित खिलाड़ियों को रांची स्थित जेएससीए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में रिपोर्ट करने के बाद प्रशिक्षण शिविर में हिस्सा लेना है। कैंप के दौरान खिलाड़ियों के प्रदर्शन के आधार पर झारखंड अंडर-19 टीम का अंतिम चयन किया जाएगा।
प्रियांशु की इस उपलब्धि पर पाकुड़ जिला क्रिकेट संघ के पदाधिकारियों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। जिला क्रिकेट संघ के सचिव प्रणय तिवारी, उपाध्यक्ष श्रीपत कुमार, जेएससीए कमिटी सदस्य वीरेंद्र पाठक, कोषाध्यक्ष गणपत सिंह तथा सदस्य गौरव चौधरी ने कहा कि प्रियांशु ने अपनी मेहनत और लगन से यह मुकाम हासिल किया है। उन्होंने विश्वास जताया कि वह कैंप में भी शानदार प्रदर्शन कर झारखंड की अंतिम टीम में जगह बनाने में सफल होंगे।
जिला क्रिकेट संघ के पदाधिकारियों ने कहा कि प्रियांशु की सफलता पाकुड़ के युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणास्रोत है। उनकी उपलब्धि से जिले में क्रिकेट को नई पहचान मिलेगी और अन्य युवा खिलाड़ी भी राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित होंगे।








