Search

July 11, 2026 12:40 am

निर्माणाधीन मकान पर गिरी आकाशीय बिजली, पांच लोग झुलसे

तेज बारिश से बचने के लिए मकान में लिया था शरण, पुलिस ने सभी घायलों को पहुंचाया अस्पताल; तीन का इलाज जारी।

पाकुड़िया: शुक्रवार दोपहर तेज बारिश और बिजली की गर्जना के दौरान पाकुड़िया थाना क्षेत्र के पलियादाहा गांव के बाड़ीघुटु टोला में निर्माणाधीन एक मकान पर आकाशीय बिजली गिरने से पांच लोग झुलसकर घायल हो गए। घटना के बाद गांव में अफरातफरी मच गई। ग्रामीणों की सूचना पर पाकुड़िया पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, पाकुड़िया पहुंचाया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
जानकारी के अनुसार, बाड़ीघुटु टोला में एक नया मकान निर्माणाधीन है। शुक्रवार दोपहर अचानक तेज बारिश शुरू होने पर वहां मौजूद मजदूर और अन्य लोग बचाव के लिए उसी मकान में चले गए। इसी दौरान मकान पर आकाशीय बिजली गिर गई। बिजली के तेज झटके से वहां मौजूद पांचों लोग झुलस गए।
घायलों में दुमका जिले के शिकारीपाड़ा थाना क्षेत्र के भुगतानडीह निवासी 23 वर्षीय श्रीतन हेंब्रम तथा पलियादाहा गांव निवासी 46 वर्षीय जुगुले हेंब्रम, 18 वर्षीय सत्यनारायण हेंब्रम, 14 वर्षीय पवन हांसदा और 30 वर्षीय होपनमय मुर्मू शामिल हैं। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी चिकित्सक डॉ. मंजर आलम ने बताया कि श्रीतन हेंब्रम करीब 10 प्रतिशत तथा जुगुले हेंब्रम और सत्यनारायण हेंब्रम करीब पांच-पांच प्रतिशत तक शरीर के विभिन्न हिस्सों में झुलसे हैं। तीनों का अस्पताल में इलाज जारी है। वहीं पवन हांसदा और होपनमय मुर्मू को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। प्रशासन ने बारिश और वज्रपात के दौरान खुले स्थानों अथवा असुरक्षित भवनों में शरण लेने से बचने तथा मौसम विभाग की चेतावनियों का पालन करने की अपील की है।

img 20260710 wa00315090234526687224448
img 20260710 wa00306515845330491863809

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!