कई बार शिकायत के बाद भी नहीं हुई मरम्मत, स्टेडियम के पीछे की सड़क बनी परेशानी का सबब
पाकुड़। नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड संख्या-4 में स्टेडियम के पीछे वाली गली की बदहाल स्थिति से स्थानीय लोग परेशान हैं। नालियों पर लगे टूटे हुए स्लैब और सड़क पर बिखरे मलबे के कारण यह रास्ता दुर्घटना का कारण बनता जा रहा है। आए दिन राहगीर और बच्चे गिरकर चोटिल हो रहे हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार, नाली के ऊपर रखे कई स्लैब लंबे समय से टूटे पड़े हैं। रात के समय पर्याप्त रोशनी नहीं होने से लोगों को आवागमन में काफी परेशानी होती है। पैदल चलने वाले और वाहन चालक अक्सर हादसे की आशंका के बीच इस रास्ते से गुजरते हैं। मोहल्लेवासियों ने बताया कि समस्या को लेकर कई बार वार्ड स्तर पर शिकायत की गई, लेकिन अब तक कोई ठोस पहल नहीं हुई। इससे लोगों में जनप्रतिनिधियों और प्रशासन के प्रति नाराजगी बढ़ रही है। स्थानीय लोगों ने नगर परिषद और जिला प्रशासन से जल्द टूटे स्लैब की मरम्मत, सड़क से मलबा हटाने और गली को सुरक्षित बनाने की मांग की है। लोगों का कहना है कि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो किसी बड़े हादसे से इनकार नहीं किया जा सकता।





