नीति आयोग के प्लेटफॉर्म पर अधिकारियों का प्रशिक्षण; डेटा विश्लेषण के आधार पर होंगे फैसले, बढ़ेगी पारदर्शिता।
पाकुड़। जिले में विकास योजनाओं की निगरानी और सरकारी कामकाज को अधिक पारदर्शी व प्रभावी बनाने की दिशा में शनिवार को महत्वपूर्ण पहल की गई। सूचना भवन सभागार में जिला योजना शाखा की ओर से नीति आयोग के डिजिटल एनालिटिक्स प्लेटफॉर्म NITI TARA पर जिला और प्रखंड स्तरीय अधिकारियों का एक दिवसीय क्षमता संवर्धन एवं उन्मुखीकरण प्रशिक्षण आयोजित किया गया।
कार्यक्रम का उद्घाटन उप विकास आयुक्त अरविंद कुमार लाल ने अधिकारियों के साथ दीप प्रज्वलित कर किया। प्रशिक्षण में नीति आयोग के विशेषज्ञों ने अधिकारियों को बताया कि NITI TARA के माध्यम से विभिन्न विभागों के आंकड़ों का एकीकृत विश्लेषण कर विकास योजनाओं की रियल टाइम मॉनिटरिंग, प्रदर्शन मूल्यांकन और साक्ष्य आधारित निर्णय लेना आसान होगा। इससे योजनाओं की प्रगति पर लगातार नजर रखी जा सकेगी और कमियों की समय पर पहचान कर सुधारात्मक कदम उठाए जा सकेंगे। उप विकास आयुक्त अरविंद कुमार लाल ने कहा कि सुशासन की मजबूत नींव डेटा आधारित निर्णय प्रक्रिया है। NITI TARA जिले के विकास संकेतकों का समग्र विश्लेषण कर प्रशासन को वास्तविक जरूरतों के अनुरूप निर्णय लेने में सक्षम बनाएगा। इससे योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता, जवाबदेही और परिणाम आधारित कार्यसंस्कृति को मजबूती मिलेगी। उन्होंने अधिकारियों से प्रशिक्षण में मिली जानकारी का उपयोग दैनिक कार्यों में करने की अपील की। प्रशिक्षण में जिला योजना पदाधिकारी सह एडीपी नोडल पदाधिकारी अमित कुमार, कार्यपालक अभियंता अनंत प्रसाद सिंह, जिला कृषि पदाधिकारी मृत्युंजय कुमार, जिला सांख्यिकी पदाधिकारी चंद्रजीत खलखो, लिट्टीपाड़ा के बीडीओ संजय कुमार सहित विभिन्न विभागों के जिला एवं प्रखंड स्तरीय अधिकारी एवं कर्मी शामिल हुए।





