टोका फंसाकर बिजली जला रहे थे लोग, तीन गांवों में छापेमारी से मचा हड़कंप।
प्रशांत मंडल
लिट्टीपाड़ा (पाकुड़), प्रतिनिधि। बिजली चोरी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत विद्युत विभाग ने शुक्रवार को लिट्टीपाड़ा प्रखंड के विभिन्न गांवों में छापेमारी कर 10 लोगों को अवैध रूप से बिजली का उपयोग करते पकड़ा। सभी के खिलाफ लिट्टीपाड़ा थाना में नामजद शिकायत दर्ज कराई गई है। कार्रवाई के बाद क्षेत्र में बिजली चोरी करने वालों में हड़कंप है। कनीय विद्युत अभियंता बिंजू बिष्णु पूर्ति के नेतृत्व में विभागीय टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर दराजमाट, छोटा सारसा और पतड़ापाड़ा गांव में औचक जांच अभियान चलाया। जांच के दौरान दराजमाट से पांच, छोटा सारसा से चार और पतड़ापाड़ा से एक व्यक्ति को टोका फंसाकर बिजली चोरी करते पकड़ा गया।
छापेमारी के बाद कनीय अभियंता ने लिट्टीपाड़ा थाना में लिखित आवेदन देकर सभी आरोपियों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज करने का अनुरोध किया। थाना प्रभारी विवेक कुमार ने बताया कि विद्युत विभाग की शिकायत प्राप्त हुई है। आवेदन के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। विद्युत विभाग ने लोगों से बिजली चोरी नहीं करने और वैध बिजली कनेक्शन लेने की अपील की है। विभाग का कहना है कि बिजली चोरी कानूनन अपराध है और दोषी पाए जाने पर जुर्माना व अन्य कानूनी कार्रवाई की जाएगी। विभाग ने यह भी स्पष्ट किया कि बिजली चोरी के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।






