मौके पर आवेदन का निष्पादन, सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के पालन का दिलाया संकल्प
पाकुड़िया (पाकुड़)। जिला परिवहन कार्यालय की पहल पर पाकुड़िया प्रखंड कार्यालय में सोमवार से शुरू हुए दो दिवसीय नवशिक्षु चालक अनुज्ञप्ति (लर्नर लाइसेंस) शिविर को पहले ही दिन उत्साहजनक सफलता मिली। शिविर में 52 लोगों ने आवेदन किया और सरकार द्वारा निर्धारित परीक्षा उत्तीर्ण करने वाले सभी 52 आवेदकों को मौके पर ही लर्नर लाइसेंस उपलब्ध करा दिया गया।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, परिवहन मंत्री दीपक बिरुवा के निर्देश तथा उपायुक्त मेघा भारद्वाज के मार्गदर्शन में जिला परिवहन पदाधिकारी मोहम्मद मोजाहिद अंसारी के नेतृत्व में यह शिविर आयोजित किया जा रहा है। इसका उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को ड्राइविंग लाइसेंस बनाने की सुविधा उनके प्रखंड स्तर पर उपलब्ध कराना और लाइसेंस प्रक्रिया को सरल व पारदर्शी बनाना है।
अंचल अधिकारी सह बीडीओ सोमनाथ बनर्जी ने सफल अभ्यर्थियों के बीच लर्नर लाइसेंस का वितरण किया। इस दौरान लोगों से 21 जुलाई को आयोजित शिविर के दूसरे दिन भी अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने तथा अपने आसपास के पात्र लोगों को भी इसकी जानकारी देने की अपील की गई। शिविर में सड़क सुरक्षा को लेकर विशेष जागरूकता अभियान भी चलाया गया। वाहन चालकों को हेलमेट और सीट बेल्ट के नियमित उपयोग, वैध ड्राइविंग लाइसेंस के साथ वाहन चलाने, हिट एंड रन दुर्घटना सहायता योजना, गुड सेमेरिटन (रहवीर) योजना, कैशलेस उपचार तथा सड़क दुर्घटना से जुड़े अन्य प्रावधानों की जानकारी दी गई। जिला परिवहन पदाधिकारी मोहम्मद मोजाहिद अंसारी ने कहा कि प्रखंड एवं पंचायत स्तर पर लगाए जा रहे शिविरों का उद्देश्य आम लोगों तक परिवहन विभाग की सेवाएं पहुंचाना है। उन्होंने सभी पात्र नागरिकों से शिविर का लाभ उठाकर ड्राइविंग लाइसेंस बनवाने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की। शिविर में अंचल अधिकारी सह बीडीओ सोमनाथ बनर्जी, वरीय प्रधान लिपिक बरियार हेंब्रम, सड़क सुरक्षा समिति के सदस्य एवं जिला परिवहन कार्यालय के कर्मी मौजूद रहे।





