Search

August 2, 2026 9:16 pm

ब्राउन शुगर के अवैध कारोबार का पर्दाफाश, 30 ग्राम नशीला पदार्थ बरामद; तस्कर गिरफ्तार।

पाकुड़। मुफस्सिल थाना क्षेत्र के मनिरामपुर गांव में पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 30 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। रविवार को पुलिस अधीक्षक सभागार में एसडीपीओ कुमार गौरव ने प्रेस वार्ता कर कार्रवाई की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि एक अगस्त को एसपी अनुदीप सिंह को गुप्त सूचना मिली थी कि मनिरामपुर निवासी सत्तार शेख अपने घर से ब्राउन शुगर समेत अन्य मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री करता है। सूचना पर एसपी के निर्देश में एसडीपीओ के नेतृत्व में एसआईटी गठित कर दंडाधिकारी की मौजूदगी में उसके घर पर छापेमारी की गई। पुलिस को देखते ही वहां मौजूद कुछ लोग फरार हो गए, जबकि सत्तार शेख को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। तलाशी के दौरान छह ग्राम सूखी ब्राउन शुगर (30 पुड़िया), 24 ग्राम गीली ब्राउन शुगर, 2200 रुपये नकद, नशीला पदार्थ सेवन करने का विशेष पात्र, इलेक्ट्रॉनिक मशीन, छह बंडल प्लास्टिक पाउच, वीवो स्मार्टफोन और एल्युमिनियम फॉयल बरामद किया गया। मामले में मुफस्सिल थाना कांड संख्या 104/2026 के तहत बीएनएस की धारा 111 तथा एनडीपीएस एक्ट की धारा 21(a)/22(a) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। एसडीपीओ ने बताया कि मामले में मुर्शिदाबाद जिले के शमशेरगंज थाना क्षेत्र के चांदपुर निवासी बेलाल शेख और अब्दुल रऊफ फरार हैं। दोनों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।

img 20260802 wa00528971947997934479284
img 20260802 wa0051317515358794343460

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!