पाकुड़। झारखंड आंदोलन के प्रणेता और पद्म भूषण से सम्मानित दिशोम गुरु स्वर्गीय शिबू सोरेन की प्रथम पुण्यतिथि पर मंगलवार को पुराने डीसी कार्यालय परिसर में उनकी आदमकद प्रतिमा का भव्य अनावरण किया गया। श्रद्धांजलि समारोह में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया। महेशपुर विधायक प्रो. स्टीफन मरांडी ने कहा कि शिबू सोरेन ने अपना पूरा जीवन झारखंड की अस्मिता, आदिवासी समाज के अधिकार और सामाजिक न्याय के लिए समर्पित किया। लिट्टीपाड़ा विधायक हेमलाल मुर्मू ने उनके संघर्ष और त्याग को याद करते हुए कहा कि जल-जंगल-जमीन की रक्षा और झारखंड निर्माण में उनका योगदान सदैव अविस्मरणीय रहेगा।
उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने कहा कि महापुरुषों की स्मृतियों को संरक्षित करना नई पीढ़ी को उनके विचारों और आदर्शों से जोड़ने का सशक्त माध्यम है। यह प्रतिमा आने वाली पीढ़ियों को सेवा, समर्पण और सामाजिक न्याय की प्रेरणा देती रहेगी। इस दौरान एसपी अनुदीप सिंह, डीएफओ सौरभ चंद्रा, पीडी आईटीडीए अरुण कुमार एक्का, अपर समाहर्ता जेम्स सुरीन सहित कई अधिकारी व जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में नागरिकों ने भी भाग लेकर दिशोम गुरु को श्रद्धांजलि अर्पित की।











