Search

August 6, 2026 9:52 pm

अब कतार नहीं, मशीन देगी टिकट, पाकुड़ स्टेशन पर महीने के अंत तक शुरू होगी ऑटोमेटिक टिकट वेंडिंग सुविधा।

राजकुमार भगत

पाकुड़ रेलवे स्टेशन पर रेल यात्रियों को जल्द ही आधुनिक टिकटिंग सुविधा मिलने जा रही है। लंबे समय से उठ रही मांग के बाद पूर्व रेलवे के हावड़ा मंडल ने मालगोदाम रोड स्थित रेलवे फुट ओवरब्रिज के नीचे ऑटोमेटिक टिकट वेंडिंग मशीन (एटीवीएम) लगाने का काम तेज कर दिया है। गुरुवार को रेलवे के विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने निर्माणाधीन स्थल का संयुक्त निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया। यह सुविधा नगर परिषद की वार्ड पार्षद निभा देवी के लगातार प्रयासों का परिणाम मानी जा रही है। उन्होंने यात्रियों की परेशानी को देखते हुए मंडल रेल प्रबंधक, हावड़ा से कई बार एटीवीएम लगाने की मांग की थी। इसके बाद वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक राहुल रंजन के निर्देश पर परियोजना को मंजूरी मिली और काम शुरू कराया गया। संयुक्त निरीक्षण का नेतृत्व स्टेशन प्रबंधक एल.आर. हेम्ब्रम ने किया। निरीक्षण दल में वरिष्ठ अनुभाग अभियंता (कार्य) परितोष रंजन, वरिष्ठ अनुभाग अभियंता (दूरभाष) संजय कुमार ओझा, वरिष्ठ विद्युत अनुभाग अभियंता राजू कुमार तथा वाणिज्य पर्यवेक्षक सिकंदर मंडल शामिल रहे। अधिकारियों ने निर्माण, विद्युत और नेटवर्क संबंधी सभी व्यवस्थाओं की समीक्षा की। वार्ड पार्षद निभा देवी ने भी मौके पर पहुंचकर कार्य की प्रगति की जानकारी ली। वरिष्ठ अनुभाग अभियंता (कार्य) परितोष रंजन ने बताया कि अगले पांच दिनों में शेड सहित सभी निर्माण कार्य पूरे कर वाणिज्य विभाग को सौंप दिए जाएंगे। इसके बाद बिजली और नेटवर्क की व्यवस्था पूरी होते ही मशीन चालू कर दी जाएगी। अधिकारियों का कहना है कि इस माह के अंत तक एटीवीएम यात्रियों के लिए शुरू कर दी जाएगी।
एटीवीएम शुरू होने के बाद यात्रियों को टिकट लेने के लिए लंबी कतारों में नहीं लगना पड़ेगा। कुछ ही मिनटों में टिकट मिलने से समय की बचत होगी और टिकट वितरण व्यवस्था पहले से अधिक तेज, आसान और सुविधाजनक बन जाएगी। दैनिक यात्रियों को इसका सबसे अधिक लाभ मिलेगा।

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!