स्थानीय लोगों ने एनएच-133ए को डायवर्ट करने की मांग की
पाकुड़। नगर थाना क्षेत्र के बड़ी अलीगंज स्थित किताझोर स्कूल के समीप मंगलवार देर रात सड़क पर बने ब्रेकर के कारण बाइक अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में बाइक सवार रांडांगा निवासी तोहिद आलम गंभीर रूप से घायल हो गए। बताया जाता है कि वह बड़ी अलीगंज में अपने किसी परिजन से मिलने आए थे। दुर्घटना के बाद स्थानीय लोगों ने घायल को तत्काल निजी अस्पताल पहुंचाया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए अन्यत्र रेफर कर दिया।
घनी आबादी से भारी वाहनों के गुजरने पर जताई चिंता
घटना के बाद सड़क पर भारी वाहनों की लंबी कतार लग गई। हादसे को लेकर स्थानीय लोगों में आक्रोश है। लोगों ने कहा कि एनएच-133ए पाकुड़-बरहरवा-साहिबगंज मार्ग घनी आबादी के बीच से गुजरता है। इस मार्ग पर भारी वाहनों की तेज रफ्तार के कारण आए दिन दुर्घटनाएं होती रहती हैं। इससे बाइक सवारों और पैदल राहगीरों को हमेशा हादसे का खतरा बना रहता है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से सड़क सुरक्षा को लेकर ठोस कदम उठाने की मांग की है। लोगों का कहना है कि घनी आबादी वाले क्षेत्र से एनएच-133ए का मार्ग डायवर्ट कर मालीपाड़ा डीएवी रोड के रास्ते एनएच को स्वीकृति दी जाए। इससे आबादी वाले क्षेत्र में भारी वाहनों का दबाव कम होगा और सड़क दुर्घटनाओं पर भी अंकुश लग सकेगा।








