पाकुड़ पॉलिटेक्निक में चला मतदाता जागरूकता अभियान, ईसीआईनेट एप से ऑनलाइन पंजीकरण की दी जानकारी
पाकुड़। राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज में शुक्रवार को युवा मतदाताओं को जागरूक करने के लिए विशेष अभियान चलाया गया। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर आयोजित कार्यक्रम में 18 वर्ष या उससे अधिक उम्र के विद्यार्थियों को मतदाता सूची में नाम जुड़वाने की प्रक्रिया, पात्रता और जरूरी दस्तावेजों की जानकारी दी गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता उप निर्वाचन पदाधिकारी मो. मोजाहिद अंसारी ने की। उन्होंने कहा कि मजबूत लोकतंत्र के लिए युवाओं की भागीदारी जरूरी है। 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले प्रत्येक युवा को बिना देरी मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराकर जिम्मेदारी के साथ मतदान करना चाहिए। जिला निर्वाचन कार्यालय के हेल्प डेस्क मैनेजर पीयूष खां ने विद्यार्थियों को SIR-2026 की जानकारी दी। साथ ही ईसीआईनेट एप के जरिए ऑनलाइन मतदाता पंजीकरण की प्रक्रिया समझाई। विद्यार्थियों की निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़ी जिज्ञासाओं का भी समाधान किया गया। मौके पर कॉलेज की प्राचार्य डॉ. सुषमा यादव, अमित सरकार, शिक्षकगण, निर्वाचन कार्यालय के कर्मी और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद थे।








