Search

August 12, 2026 11:01 pm

उपासना मरांडी की पहल से पत्थरघाटा में बहाल हुई बिजली, ग्रामीणों को मिली बड़ी राहत।

सानू कुमार

महेशपुर: प्रखंड के पोखरिया पंचायत अंतर्गत पत्थरघाटा गांव के रसीटोला में बिजली संकट से जूझ रहे ग्रामीणों को झामुमो केंद्रीय समिति सदस्य उपासना मरांडी की पहल से बड़ी राहत मिली है। उनके प्रयास से गांव में 25 केवीए का नया विद्युत ट्रांसफार्मर स्थापित कर दिया गया है। ट्रांसफार्मर लगने के बाद ग्रामीणों में खुशी का माहौल है और उन्होंने उपासना मरांडी के प्रति आभार जताया है।
बताया गया कि पुराना ट्रांसफार्मर जल जाने के कारण रसीटोला के दर्जनों परिवार कई दिनों से अंधेरे में रहने को मजबूर थे। बिजली आपूर्ति ठप रहने से घरेलू कार्यों के साथ बच्चों की पढ़ाई, पेयजल व्यवस्था और छोटे व्यवसाय भी प्रभावित हो रहे थे। गांव की समस्या की जानकारी पूर्व पंचायत अध्यक्ष मिस्त्री मुर्मू ने दूरभाष के माध्यम से उपासना मरांडी को दी और शीघ्र नया ट्रांसफार्मर उपलब्ध कराने का आग्रह किया। ग्रामीणों की समस्या को गंभीरता से लेते हुए उपासना मरांडी ने तत्काल विद्युत विभाग के अधिकारियों से संपर्क कर आवश्यक पहल की। इसके बाद विभाग की ओर से 25 केवीए का नया ट्रांसफार्मर स्थापित कर बिजली आपूर्ति बहाल कर दी गई।
ट्रांसफार्मर लगने के बाद ग्रामीणों ने उपासना मरांडी का आभार जताते हुए कहा कि उन्होंने समस्या की जानकारी मिलते ही त्वरित पहल की, जिससे लोगों को बड़ी राहत मिली है। मिस्त्री मुर्मू ने भी उपासना मरांडी एवं विद्युत विभाग के प्रति आभार व्यक्त किया। ग्रामीणों ने कहा कि क्षेत्र की जनसमस्याओं के समाधान के लिए उपासना मरांडी की सक्रियता सराहनीय है।

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!