पाकुड़ में 80वां स्वतंत्रता दिवस पूरे उत्साह, उमंग और देशभक्ति के माहौल में मनाया गया। नगर अध्यक्ष साबरी पाल ने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर सुबह सर्वप्रथम डीएवी पब्लिक स्कूल में राष्ट्रीय ध्वज फहराया। इसके बाद नगर परिषद पाकुड़ में आयोजित समारोह में तिरंगा फहराया गया। वहीं, पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सुबह 11:15 बजे नेताजी सुभाष चौक, वलिहारपुर में भी साबरी पाल की मौजूदगी में राष्ट्रीय ध्वज शान से लहराया गया। नेताजी सुभाष चौक पर नगर अध्यक्ष साबरी पाल एवं झारखंड प्राथमिक शिक्षक संघ के उप महासचिव-सह-पाकुड़ जिलाध्यक्ष विश्वनाथ पंडित ने संयुक्त रूप से तिरंगा फहराया। मौके पर नगर उपाध्यक्ष राणा ओझा, झारखंड प्राथमिक शिक्षक संघ के प्रधान सचिव मिथिलेश सिन्हा, वीरेंद्र कुमार सिंह सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग एवं स्थानीय नागरिक मौजूद रहे। डीएवी पब्लिक स्कूल में स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान विद्यार्थियों ने देशभक्ति से ओत-प्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शानदार प्रस्तुति दी। नगर अध्यक्ष साबरी पाल ने विद्यार्थियों का उत्साह बढ़ाते हुए राष्ट्र की एकता, अखंडता और विकास में युवाओं की भूमिका पर जोर दिया। तीनों स्थानों पर आयोजित कार्यक्रमों में पूरे सम्मान और उल्लास के साथ राष्ट्रीय पर्व मनाया गया तथा शहर में दिनभर देशभक्ति का माहौल बना रहा।









