पाकुड़। जाति एवं आवासीय प्रमाणपत्रों के लंबित आवेदनों को लेकर उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने सोमवार को अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए। गूगल मीट के माध्यम से हुई समीक्षा बैठक में उन्होंने सभी अंचलों में लंबित आवेदनों की स्थिति की समीक्षा करते हुए कहा कि किसी भी आवेदन को अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए और नियमानुसार शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित किया जाए।
उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रमाणपत्र जारी करने में आम लोगों को किसी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए। वहीं, जाति प्रमाणपत्र जारी करने में विशेष सतर्कता बरतने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि गलत या अपात्र व्यक्ति का जाति प्रमाणपत्र किसी भी स्थिति में जारी नहीं किया जाए। प्रमाणपत्र निर्गत करने से पहले संबंधित दस्तावेजों और अभिलेखों का विधिवत सत्यापन अनिवार्य रूप से किया जाए। बैठक में उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों एवं कर्मियों को नियमों और प्रावधानों का पालन करते हुए प्रमाणपत्रों का पारदर्शी, समयबद्ध और नियमानुसार निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।






