पाकुड़। पाकुड़ नगर परिषद बोर्ड की सामान्य मासिक बैठक 22 अगस्त को सुबह 10:30 बजे नगर परिषद सभागार में होगी। बैठक में शहर की नागरिक सुविधाओं, विकास कार्यों और जनहित से जुड़े कई अहम मुद्दों पर चर्चा कर निर्णय लिए जाएंगे। नगर परिषद उपाध्यक्ष राणा ओझा ने बताया कि बैठक की तैयारियां पूरी की जा रही हैं। बैठक में पिछली बोर्ड बैठक में पारित प्रस्तावों की समीक्षा के साथ उनके क्रियान्वयन की स्थिति पर भी चर्चा होगी। शहर की विद्युत व्यवस्था को दुरुस्त रखने के लिए आवश्यक मरम्मती सामग्री की आपूर्ति तथा खराब पड़े चापाकलों की मरम्मत के लिए सामग्री उपलब्ध कराने का मुद्दा भी प्रमुखता से उठेगा। नगर परिषद के आंतरिक राजस्व में वृद्धि के उपायों पर भी मंथन किया जाएगा। साथ ही आवास एवं शहरी कार्य मंत्रालय की केंद्रीय योजनाओं और 16वें वित्त आयोग से संबंधित योजनाओं के जरिए शहर में विकास कार्यों को गति देने की रणनीति पर चर्चा होगी।
बैठक में शहर की बिगड़ती यातायात व्यवस्था, साफ-सफाई, कचरा प्रबंधन और स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने के उपायों पर भी विचार होगा। हाटपाड़ा में शुलभ शौचालय निर्माण का प्रस्ताव भी बोर्ड के समक्ष रखा जाएगा। उपाध्यक्ष राणा ओझा ने कहा कि बैठक का उद्देश्य शहर के विकास को गति देने के साथ लोगों को बेहतर बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराना है। उन्होंने उम्मीद जताई कि बोर्ड जनहित से जुड़े मुद्दों पर सकारात्मक निर्णय लेकर उनके त्वरित क्रियान्वयन की दिशा में पहल करेगा।





