Search

August 20, 2026 10:30 pm

भाजपा की मासिक बैठक में बूथ स्तर पर संगठन मजबूत करने पर जोर।

राजकुमार भगत

पाकुड़। भारतीय जनता पार्टी जिला इकाई की मासिक बैठक गुरुवार को व्याहूत विवाह भवन, पाकुड़ में जिलाध्यक्ष सरिता मुर्मू की अध्यक्षता में हुई। बैठक में संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा के साथ आगामी कार्यक्रमों की तैयारियों पर चर्चा की गई। जिला प्रभारी निवास मंडल, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य मीरा प्रवीण सिंह एवं दुर्गा मरांडी प्रमुख रूप से मौजूद रहीं। बैठक में जिला प्रभारी निवास मंडल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय कार्यक्रम ‘मन की बात’ का अधिक से अधिक बूथों पर प्रसारण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कार्यकर्ताओं और आमजनों की सहभागिता बढ़ाने पर जोर देते हुए कहा कि संगठन की असली ताकत बूथ स्तर पर सक्रिय कार्यकर्ताओं से ही बनती है। सभी मंडल प्रभारियों एवं प्रवासियों को मंडल समितियों का गठन कर उसका सत्यापन कराने और रिपोर्ट जिलाध्यक्ष को सौंपने का निर्देश दिया गया। साथ ही मंडल स्तर पर नियमित प्रवास, कार्यकर्ताओं से संवाद और बूथ समितियों को सक्रिय करने की रणनीति पर चर्चा हुई। बैठक में संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती के अवसर पर चल रहे समरसता संकल्प अभियान के तहत होने वाले कार्यक्रमों की भी जानकारी दी गई। 29 जुलाई 2026 से 20 फरवरी 2027 तक चलने वाले अभियान के तहत जिले के विभिन्न मंडलों में ‘श्री गुरु रविदास महाराज कलश वंदन अभियान’ आयोजित किया जाएगा। इसमें संत-महात्माओं, जनप्रतिनिधियों और समाज के प्रबुद्धजनों की सहभागिता रहेगी।
बैठक में आगामी राजनीतिक एवं संगठनात्मक कार्यक्रमों की तैयारियों की समीक्षा करते हुए बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने और कार्यकर्ताओं की भागीदारी बढ़ाने पर विशेष जोर दिया गया। कार्यक्रम का संचालन जिला महामंत्री रूपेश कुमार भगत ने किया, जबकि अंत में जिला महामंत्री साधन ठाकुर ने धन्यवाद ज्ञापित किया। बैठक में जिला उपाध्यक्ष हिसाबी राय, शर्मिला रजक, जुनास टुडू, पूर्व जिलाध्यक्ष अनुग्राहित प्रसाद साह, विवेकानंद तिवारी समेत विभिन्न मंडलों के अध्यक्ष, पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद थे।

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!