सीसीटीवी में संदिग्ध जानवर की तस्वीर का दावा, सूचना के बाद भी वन विभाग की कार्रवाई पर उठे सवाल।
पाकुड़। शहर के बड़ी अलीगंज स्थित आम बागीचे में कथित खतरनाक वन्यजीव की मौजूदगी की चर्चा से स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है। लोगों का दावा है कि शाम ढलने के बाद बागीचे और आसपास के इलाके में संदिग्ध जानवर की गतिविधियां बढ़ जाती हैं। अजीब आवाजों और रात में होने वाली गतिविधियों से लोग भयभीत हैं।
स्थानीय निवासियों के अनुसार, बागीचे के आसपास लगे कुछ सीसीटीवी कैमरों में संदिग्ध जानवर की तस्वीरें कैद हुई हैं। फुटेज सामने आने के बाद लोगों की चिंता और बढ़ गई है। शाम के बाद बच्चों और बुजुर्गों का घर से निकलना तक मुश्किल हो गया है। हालांकि, वन विभाग की ओर से अभी तक जानवर की पहचान या उसके नरभक्षी होने की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
सूचना के बावजूद कार्रवाई नहीं होने का आरोप
मोहल्लेवासियों का आरोप है कि वन विभाग को कई बार मामले की सूचना दी गई, लेकिन अब तक कोई ठोस सर्च अभियान नहीं चलाया गया। लोगों का कहना है कि यदि क्षेत्र में वास्तव में कोई हिंसक वन्यजीव मौजूद है तो समय रहते उसकी तलाश कर पकड़ना या सुरक्षित तरीके से खदेड़ना जरूरी है। एक स्थानीय निवासी ने कहा कि कई बार अधिकारियों को जानकारी देने के बावजूद केवल आश्वासन मिला। लोगों ने सवाल उठाया कि क्या वन विभाग किसी बड़ी अनहोनी का इंतजार कर रहा है?
स्थानीय लोगों ने बागीचे और आसपास के इलाकों में तत्काल विशेष सर्च अभियान चलाने, विशेषज्ञ टीम भेजने, जरूरत पड़ने पर पिंजरा लगाने और रात में गश्त बढ़ाने की मांग की है। लोगों का कहना है कि घटना के बाद कार्रवाई करने से बेहतर है कि खतरे को पहले ही टाल दिया जाए।






