Search

September 7, 2026 10:08 pm

बकाया राशि को लेकर सेविकाओं का फूटा दर्द, विधायक से लगाई गुहार।

पाकुड़िया। महेशपुर प्रखंड की आंगनबाड़ी सेविकाओं ने रविवार को महेशपुर विधायक प्रो. स्टीफन मरांडी से मुलाकात कर अपनी विभिन्न मांगों और समस्याओं से अवगत कराया। सेविकाओं ने बताया कि आंगनबाड़ी केंद्रों पर सरकार की योजनाओं का नियमित संचालन करने के लिए उन्हें कई बार अपनी जेब से खर्च करना पड़ रहा है। सेविकाओं ने कहा कि केंद्रों पर बच्चों को सुबह का नाश्ता, गर्म भोजन और अंडा उपलब्ध कराया जाता है, लेकिन लंबे समय से पोषाहार और अंडे की राशि का भुगतान लंबित है। आर्थिक तंगी के बावजूद वे उधार लेकर केंद्रों का संचालन कर रही हैं। सेविकाओं के अनुसार, कई सेविकाएं अब तक करीब एक से डेढ़ लाख रुपए तक निजी स्तर पर खर्च कर चुकी हैं। उन्होंने बताया कि फरवरी 2026 तक की पोषाहार राशि तथा अक्टूबर 2025 से अंडे की राशि का भुगतान लंबित है। अधिकांश सेविकाएं मध्यमवर्गीय या गरीब परिवारों से आती हैं। ऐसे में लगातार अपनी जेब से खर्च करने के कारण परिवार का भरण-पोषण करना भी मुश्किल हो रहा है।

अधिकारियों से फोन पर बात कर विधायक ने दिया भरोसा

मामले को गंभीरता से लेते हुए विधायक प्रो. स्टीफन मरांडी ने तत्काल जिले के संबंधित अधिकारियों से फोन पर बातचीत की। उन्होंने सेविकाओं को आश्वस्त किया कि दो दिनों के अंदर उनकी मांगों के समाधान की दिशा में कार्रवाई की जाएगी। विधायक ने कहा कि सेविकाओं को किसी तरह की परेशानी होने पर वे बेझिझक उनसे मिलकर अपनी समस्या बता सकती हैं।

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!