Search

September 7, 2026 10:17 pm

सुदिव्य सोनू के निधन से झारखंड ने खोया समर्पित जनसेवक : प्रो. स्टीफन मरांडी

पाकुड़ में झामुमो के जिला व प्रखंड कार्यालयों में शोकसभा, कार्यकर्ताओं ने दो मिनट का मौन रखकर दी श्रद्धांजलि।

पाकुड़। झारखंड सरकार के मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू के आकस्मिक निधन से झामुमो कार्यकर्ताओं में शोक की लहर है। सोमवार को पाकुड़ स्थित जिला झामुमो कार्यालय के साथ महेशपुर और पाकुड़िया प्रखंड कार्यालयों में शोकसभा आयोजित कर पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने दिवंगत मंत्री को श्रद्धांजलि दी। इस दौरान उनके चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर दो मिनट का मौन रखा गया। महेशपुर और पाकुड़िया में आयोजित शोकसभा में स्थानीय विधायक प्रो. स्टीफन मरांडी विशेष रूप से शामिल हुए। उन्होंने कहा कि सुदिव्य कुमार सोनू का असामयिक निधन झारखंड के लिए अपूरणीय क्षति है। उन्होंने उच्च शिक्षा, नगर विकास, पर्यटन, कला-संस्कृति और खेलकूद सहित विभिन्न क्षेत्रों में महत्वपूर्ण योगदान दिया। उनका सरल व्यवहार, कुशल नेतृत्व और झारखंड के प्रति समर्पण हमेशा याद किया जाएगा। पाकुड़ जिला कार्यालय में जिलाध्यक्ष अजीजुल इस्लाम के नेतृत्व में आयोजित शोकसभा में कार्यकर्ताओं ने कहा कि सुदिव्य कुमार सोनू पार्टी के मजबूत स्तंभ थे। जिलाध्यक्ष ने कहा कि उन्होंने सरकार और संगठन में रहते हुए अपनी जिम्मेदारियों का पूरी निष्ठा से निर्वहन किया। वे संवेदनशील, सहज और जनसरोकार से जुड़े नेता थे। उनके निधन से झामुमो समेत पूरे राजनीतिक और सामाजिक जगत को गहरा आघात पहुंचा है। पाकुड़िया में केंद्रीय समिति सदस्य हरिवंश चौबे ने कहा कि सुदिव्य कुमार सोनू के निधन से झारखंड ने एक आंदोलनकारी और संघर्षशील नेता खो दिया। प्रखंड अध्यक्ष मोतीलाल हांसदा ने कहा कि मंत्री के रूप में उन्होंने कई क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य किए। शोकसभा में पूर्व जिलाध्यक्ष सह केंद्रीय समिति सदस्य श्याम यादव, केंद्रीय समिति सदस्य उमर फारूक व मिथिलेश घोष, युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष सुनील टुडू, महिला जिलाध्यक्ष जोसेफिना हेम्ब्रम, महेशपुर प्रखंड अध्यक्ष अब्दुल वदूद, पाकुड़िया प्रखंड अध्यक्ष मोतीलाल हांसदा सहित झामुमो के विभिन्न प्रखंडों के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने दिवंगत आत्मा की शांति और शोकाकुल परिवार को इस दुःख को सहने की शक्ति देने की प्रार्थना की।

img 20260907 wa0014947367559865468162
img 20260907 wa001354391764954901265
img 20260907 wa00157713340894135017108

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!