पाकुड़। झारखंड सरकार के मंत्री सुदिव्य कुमार के असामयिक निधन पर मंगलवार को पाकुड़ जिला प्रशासन और पुलिस महकमे ने शोकसभा आयोजित कर उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी। समाहरणालय सभागार में आयोजित कार्यक्रम में उपायुक्त मेघा भारद्वाज, एसपी अनुदीप सिंह, डीडीसी अरविंद कुमार लाल समेत प्रशासन-पुलिस के पदाधिकारियों और कर्मियों ने दिवंगत मंत्री के चित्र पर पुष्प अर्पित किए। इस दौरान सभी ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। जिले के पुलिस अधीक्षक कार्यालय, पुलिस केंद्र के अलावा सभी थानों और ओपी में भी श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किए गए। उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने कहा कि सुदिव्य कुमार का असामयिक निधन झारखंड के लिए अपूरणीय क्षति है। वे जनसेवा, झारखंडी चेतना और राज्य के विकास के प्रति समर्पित कर्मठ एवं संवेदनशील जनप्रतिनिधि थे। जनकल्याण के प्रति उनकी प्रतिबद्धता हमेशा स्मरणीय रहेगी। उन्होंने शोक संतप्त परिवार को यह अपार दुःख सहने की शक्ति देने की ईश्वर से प्रार्थना की। शोकसभा में परियोजना निदेशक आईटीडीए अरुण कुमार एक्का, एसडीओ साइमन मरांडी, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी अमित कुमार सहित जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन के अधिकारी-कर्मी मौजूद रहे।







