राजकुमार भगत
पाकुड़। गणेश चतुर्थी को लेकर शहर में तैयारियां शुरू हो गई हैं। सोमवार, 14 सितंबर को भगवान गणेश की प्रतिमाओं की स्थापना के साथ ही 10 दिवसीय गणेशोत्सव की शुरुआत होगी। शहर के विभिन्न स्थानों पर प्रतिमा स्थापित कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की जाएगी। वहीं कई घरों में भी श्रद्धालु भगवान गणेश की पूजा करेंगे। पंचांग के अनुसार भाद्रपद शुक्ल चतुर्थी तिथि 14 सितंबर की सुबह 7:06 बजे से शुरू होकर 15 सितंबर की सुबह 7:44 बजे तक रहेगी। उदयातिथि के आधार पर गणेश चतुर्थी 14 सितंबर को मनाई जाएगी। गणेश प्रतिमा स्थापना और पूजा के लिए सुबह 11:02 बजे से दोपहर 1:31 बजे तक का समय शुभ बताया गया है। हालांकि स्थानीय पंचांग के अनुसार समय में कुछ मिनट का अंतर हो सकता है। गणेशोत्सव का समापन 25 सितंबर को अनंत चतुर्दशी के दिन प्रतिमा विसर्जन के साथ होगा। श्रद्धालु अपनी परंपरा के अनुसार डेढ़, तीन, पांच, सात या दसवें दिन भी प्रतिमाओं का विसर्जन कर सकते हैं। पर्व को लेकर श्रद्धालुओं में उत्साह है। गणेशोत्सव के दौरान ‘गणपति बप्पा मोरया’ के जयघोष से शहर का माहौल भक्तिमय रहेगा।







