Search

September 12, 2026 6:33 pm

ज्वेलर्स लूटकांड का 10 दिन में खुलासा, तीन आरोपी गिरफ्तार

पाकुड़/अमड़ापाड़ा बाजार स्थित किशुन वर्मा ज्वेलर्स में 2 सितंबर को हुई हथियारबंद लूट का पुलिस ने 10 दिन के अंदर खुलासा कर दिया। पुलिस ने मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से दो देशी कट्टा, एक पिस्टल, सात जिंदा कारतूस, करीब एक किलो चांदी के आभूषण, 12,700 रुपए नकद और लूट में इस्तेमाल दो बाइक बरामद की गई हैं। घटना के बाद पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह के निर्देश पर महेशपुर एसडीपीओ विजय कुमार के नेतृत्व में 6 टीमों की SIT गठित की गई थी। टीम ने मानवीय, वैज्ञानिक और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर लगातार छापेमारी की और आरोपियों तक पहुंची।

मंदिर के पास दुकान में घुसकर की थी लूट

2 सितंबर को अमड़ापाड़ा बाजार में दुर्गा मंदिर के समीप स्थित किशुन वर्मा ज्वेलर्स में तीन हथियारबंद अपराधियों ने धावा बोला था। हथियार के बल पर दुकान में लूटपाट के बाद आरोपी फरार हो गए थे। दुकान मालिक आकाश वर्मा के बयान पर अमड़ापाड़ा थाना में कांड संख्या 68/2026 दर्ज किया गया था।

निशानदेही पर चांदी के जेवर और दुकान का सामान बरामद

गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर करीब 1 किलो चांदी के आभूषण बरामद किए गए। इनमें चांदी के हेयर क्लिप, 33 सिक्के, कमरबंद, तीन जोड़ी कड़े समेत अन्य आभूषण शामिल हैं। इसके अलावा ज्वेलरी की ट्रे, किशुन वर्मा ज्वेलर्स लिखे थैले, आभूषण नापने की मशीन, छह प्लास्टिक डिब्बे और जेवर गलाने में इस्तेमाल होने वाले पत्थर के दो टुकड़े भी मिले। पुलिस ने पल्सर N-160 और पेशन प्रो बाइक, तीन मोबाइल फोन तथा 12,700 रुपए नकद भी बरामद किए हैं।

img 20260912 wa00018210373943854023273

गिरफ्तार आरोपियों में एक पर कई जिलों में केस।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान प्रवीण कुमार उर्फ पारो उर्फ प्रवीण कुमार यादव (27), निवासी चितरपोका, मोहनपुर, देवघर, हर्ष आनंद उर्फ हर्ष यादव (19), निवासी तिवारीचक, बांका और कमल कुमार किशोर उर्फ कमल यादव (22), निवासी दलिया बौंसी, बांका के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार प्रवीण कुमार का लंबा आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ देवघर, बोकारो, जामताड़ा और गोड्डा में लूट, डकैती, हथियार और अन्य आपराधिक मामलों के कई कांड दर्ज हैं। पुलिस ने उसे पूर्व की कई घटनाओं में वांछित बताया है। इनमें 2025 में जामताड़ा के ज्वेलरी दुकान में हथियार के बल पर लूट और जुलाई 2026 में गोड्डा के ज्वेलरी शॉप में लूट का मामला भी शामिल है।

एक अन्य आरोपी की तलाश जारी।

पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि मामले में अन्य अपराधियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है और उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। एसपी अनुदीप सिंह के नेतृत्व में गठित SIT में महेशपुर एसडीपीओ विजय कुमार समेत अमड़ापाड़ा, महेशपुर, पाकुड़िया, लिट्टीपाड़ा, मालपहाड़ी, रद्दीपुर, सिमलौंग सहित तकनीकी और साइबर शाखा के पुलिस पदाधिकारी व जवान शामिल रहे।

img 20260912 wa00024673610779331487090

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!