तलवाड़ांगा के एक घर से हो रही थी कथित अवैध लॉटरी की बिक्री, एसपी के निर्देश पुलिस ने की कार्रवाई।
पाकुड़ नगर थाना क्षेत्र के तलवाड़ांगा में अवैध लॉटरी की बिक्री की सूचना पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए विक्रम गुप्ता को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके घर से अलग-अलग नाम की कुल 1900 लॉटरी टिकटें और एक मोबाइल बरामद किया है। पुलिस के अनुसार, 12 सितंबर को सूचना मिली थी कि तलवाड़ांगा निवासी विक्रम गुप्ता अपने घर से अवैध लॉटरी टिकट बेच रहा है। सूचना के सत्यापन के बाद एसपी अनुदीप सिंह के निर्देश पर एसडीपीओ कुमार गौरव के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल (एसआईटी) का गठन किया गया। टीम ने विक्रम के घर पर छापेमारी की तो वह पुलिस को देखकर भागने लगा। टीम ने पीछा कर उसे पकड़ लिया। तलाशी में कुल 1900 टिकट बरामद किए गए। एक वीवो मोबाइल भी जब्त किया गया। मामले में पाकुड़ नगर थाना कांड संख्या 215/2026 दर्ज कर बीएनएस की धारा 318(4) और लॉटरी रेगुलेशन एक्ट की धारा 7(3) के तहत कार्रवाई की जा रही है। पुलिस के मुताबिक विक्रम गुप्ता के खिलाफ वर्ष 2023 में भी लॉटरी अधिनियम और धोखाधड़ी से संबंधित मामला दर्ज है। पुलिस आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजने की कार्रवाई कर रही है।







