Search

September 14, 2026 4:07 pm

17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक भाजपा का सेवा संकल्प अभियान, बूथ स्तर पर जलेंगे ‘आशीर्वाद के दीप’

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने पर जिलेभर में होंगे सेवा, जनभागीदारी और सामाजिक सरोकार से जुड़े कार्यक्रम।

पाकुड़। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन और राष्ट्रसेवा के 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में भाजपा 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाएगी। इसे लेकर भाजपा जिलाध्यक्ष सरिता मुर्मू ने सोमवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर अभियान की रूपरेखा साझा की। जिलाध्यक्ष ने बताया कि 17 सितंबर की शाम 7 बजे अभियान की शुरुआत होगी। जिले के सभी बूथों पर लाभार्थियों के घरों में ‘आशीर्वाद का दीप’ जलाया जाएगा। सामाजिक, धार्मिक और सांस्कृतिक रूप से महत्वपूर्ण स्थानों पर भी दीपोत्सव आयोजित किया जाएगा। अभियान के दौरान ‘मेरे सपनों का भारत’ के तहत चित्रकला व भाषण प्रतियोगिता, ‘नमो सेवा—अनकही कहानियां’ के तहत संगीतमय नाट्य प्रस्तुति और ‘गांव-गांव तक, आंगन मिलन सेवा’ के तहत आंगनबाड़ी सम्मान व मातृ संवाद होंगे। इसके अलावा सकारात्मक बदलाव की वास्तविक कहानियों को सामने लाने, डिजिटल माध्यम से 10 रील तैयार करने और ‘सेवा ज्योति कलश यात्रा’ के जरिए विकसित भारत का संकल्प दिलाया जाएगा। उन्होंने बताया कि ‘वडनगर-वाराणसी सेवा यात्रा’, ‘सेवा मेरा योगदान’, ‘सेवा सेतु’, ‘सेवा के रंग, राष्ट्र के संग’ और ‘सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज’ जैसे कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। भाजपा कार्यकर्ता विभिन्न वर्गों के बीच पहुंचकर सेवा कार्यों में भागीदारी करेंगे।
सरिता मुर्मू ने कहा कि प्रधानमंत्री के 25 वर्षों की राष्ट्रसेवा को जन-जन तक पहुंचाने और सेवा कार्यों को व्यापक बनाने के उद्देश्य से अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने जिले के सभी कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों से अभियान को सफल बनाने की अपील की। प्रेस कॉन्फ्रेंस में प्रदेश कार्यसमिति सदस्य मीरा प्रवीण सिंह, दुर्गा मरांडी, जिला महामंत्री रूपेश भगत, पूर्व जिलाध्यक्ष अनुग्रहित प्रसाद साह, महिला मोर्चा की पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष सम्पा साहा, कार्यालय मंत्री सुशील साहा, नगर अध्यक्ष सोहन मंडल, नवीनगर अध्यक्ष कर्ण मंडल, झिकरहट्टी अध्यक्ष बहादुर मंडल, युवा मोर्चा अध्यक्ष दीपक साह सहित पंकज साह, पवन भगत, पार्वती देवी समेत अन्य कार्यकर्ता मौजूद थे।

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!