राशन सामग्री के साथ बीस हजार की आर्थिक मदद, पहले भी एंबुलेंस व 16 हजार देकर की थी सहायता।
पाकुड़। सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल चालक अजमल शेख के परिवार की मुश्किल घड़ी में ऑल ड्राइवर मजदूर महासंघ एसोसिएशन के सदस्य मदद के लिए आगे आए। सदर प्रखंड की भवानीपुर पंचायत के जानकीनगर गंगारामपुर गांव पहुंचकर सदस्यों ने पीड़ित परिवार को राशन सामग्री के साथ ₹20 हजार की आर्थिक सहायता दी। जानकारी के अनुसार, 16 मई 2026 को मालपहाड़ी थाना क्षेत्र के बहिरग्राम मोड़ के पास सड़क दुर्घटना में अजमल शेख, पिता असराफुल हक, गंभीर रूप से घायल हो गए थे। हादसे में उनके दोनों पैर टूट गए। अजमल परिवार के एकमात्र कमाने वाले सदस्य हैं और उनके चार बच्चे हैं। दुर्घटना के बाद परिवार के सामने इलाज के साथ-साथ रोजमर्रा के भरण-पोषण की भी बड़ी समस्या खड़ी हो गई। परिवार की स्थिति की जानकारी मिलने पर फिरोज शेख के नेतृत्व में ऑल ड्राइवर मजदूर महासंघ एसोसिएशन के सदस्य उनके घर पहुंचे। सदस्यों ने चावल, दाल, सरसों तेल, आलू व अन्य सब्जियों सहित जरूरी राशन सामग्री उपलब्ध कराई और ₹20 हजार नकद देकर परिवार का सहारा बने। एसोसिएशन की ओर से इससे पहले भी दुर्घटना के बाद अजमल को एंबुलेंस की सुविधा, ₹16 हजार नकद और राशन सामग्री देकर सहायता की गई थी। फिलहाल अजमल शेख का इलाज भागलपुर में चल रहा है।
फिरोज शेख और सैफुल शेख ने कहा कि जरूरतमंद परिवार की मदद करना समाज के प्रति हमारी जिम्मेदारी है। पीड़ित परिवार की स्थिति को देखते हुए एसोसिएशन ने अपनी क्षमता के अनुसार सहायता की है और आगे भी यथासंभव सहयोग जारी रहेगा। उन्होंने अजमल शेख के जल्द स्वस्थ होने की कामना की।
मौके पर उस्मान शेख, अनवर शेख, जयनल शेख, मो. फक्कर आलम, इसराफुल शेख, आलमगीर शेख, कमाल हसन, रहमान शेख, नूर इस्लाम, दुलाल दास सहित एसोसिएशन के दर्जनों सदस्य मौजूद थे।





