राजकुमार भगत
पाकुड़। आगामी पर्व-त्योहारों को लेकर ज्वेलरी दुकानों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर शुक्रवार को एसपी अनुदीप सिंह ने संचालकों के साथ बैठक की। पुलिस अधीक्षक कार्यालय सभागार में हुई बैठक में ज्वेलरी शॉप संचालकों ने त्योहारों के दौरान बढ़ने वाली भीड़ और कारोबार को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग रखी। एसपी ने उनकी समस्याएं और सुझाव सुनकर सुरक्षा का भरोसा दिलाया। एसपी ने कहा कि पर्व-त्योहार के दौरान सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष नजर रखी जाएगी। उन्होंने दुकानदारों को सुरक्षा गार्ड रखने, सभी कर्मचारियों का चरित्र सत्यापन कराने, दुकान के अंदर-बाहर सीसीटीवी लगाने और आपात स्थिति के लिए इमरजेंसी सायरन की व्यवस्था करने का निर्देश दिया। मुख्य गेट पर चैन लगाने तथा 112 पुलिस, फायर और एंबुलेंस हेल्पलाइन नंबर प्रदर्शित करने को कहा गया। एसपी ने चोरी के सामान की खरीद-बिक्री से बचने और संदिग्ध व्यक्ति की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की। पुलिस और दुकानदारों के बीच त्वरित सूचना आदान-प्रदान के लिए व्हाट्सएप ग्रुप बनाने का निर्देश भी दिया गया। बैठक में एसडीपीओ पाकुड़ व महेशपुर सहित सभी थाना-ओपी प्रभारी मौजूद थे।






