तीन शिविरों में 306 यूनिट रक्त संग्रह, रक्तदाताओं और संस्थाओं का जताया आभार
पाकुड़। जिले में रक्तदान अभियान को मिली सफलता के बाद उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने जिलेवासियों का आभार जताते हुए नियमित रक्तदान को जनसेवा का महत्वपूर्ण माध्यम बताया। 18, 24 और 28 सितंबर को आयोजित तीन रक्तदान शिविरों में कुल 306 यूनिट रक्त संग्रह किया गया। उपायुक्त ने कहा कि तीन शिविरों में 306 यूनिट रक्त का संग्रह होना पाकुड़वासियों की मानवीय संवेदनशीलता, सामाजिक जिम्मेदारी और सेवा भावना को दर्शाता है। उन्होंने रक्तदान करने वाले सभी लोगों के साथ सामाजिक संस्थाओं, एनजीओ, फाउंडेशन, विभागीय पदाधिकारी-कर्मियों और अभियान से जुड़े सभी लोगों को धन्यवाद दिया।
डीसी बोलीं- एक यूनिट रक्त बचा सकता है जिंदगी
मेघा भारद्वाज ने कहा कि रक्तदान किसी जरूरतमंद के लिए जीवन बचाने वाली सेवा है। सड़क दुर्घटना में घायल मरीज, प्रसव के दौरान रक्त की जरूरत वाली महिलाएं और गंभीर बीमारी से जूझ रहे मरीजों के लिए समय पर रक्त उपलब्ध होना बेहद जरूरी है। एक यूनिट रक्त किसी व्यक्ति के जीवन में नई उम्मीद पैदा कर सकता है।
शहर से गांव तक लोगों ने बढ़ाया हाथ
डीसी ने कहा कि अभियान में पाकुड़ मुख्यालय के लोगों के साथ ग्रामीण क्षेत्रों के युवाओं, युवतियों और महिलाओं ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। पुलिस, खनन, शिक्षा विभाग, प्रखंड प्रशासन, जेएसएलपीएस, इंसानियत फाउंडेशन समेत विभिन्न सामाजिक संगठनों के सहयोग से अभियान को मजबूती मिली।
आगे भी नियमित लगेंगे रक्तदान शिविर
उपायुक्त ने बताया कि आने वाले महीनों में भी नियमित रूप से रक्तदान शिविर आयोजित किए जाएंगे। जरूरत के अनुसार एक या दो दिवसीय शिविर लगाए जाएंगे। उन्होंने एनजीओ, सामाजिक संस्थाओं, एसोसिएशन, फाउंडेशन और अन्य संगठनों से आगे आकर इस जीवनदायी अभियान से जुड़ने की अपील की।






