मिड-डे-मील में पोषण से समझौता नहीं, अंडा नहीं खाने वाले बच्चों को मिलेगा फल; स्कूलों में स्वास्थ्य जांच भी होगी।
पाकुड़। विद्यालयों में बच्चों की शत-प्रतिशत उपस्थिति और गुणवत्तापूर्ण मध्याह्न भोजन सुनिश्चित करने को लेकर उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं। गुरुवार को समाहरणालय सभागार में जिला स्तरीय स्टीयरिंग सह मॉनिटरिंग समिति की बैठक में उन्होंने मिड-डे-मील की गुणवत्ता, खाद्यान्न की उपलब्धता और बच्चों के पोषण व स्वास्थ्य की समीक्षा की। डीसी ने कहा कि बच्चों को निर्धारित मानकों के अनुरूप प्रोटीनयुक्त भोजन मिले और खाद्यान्न की आपूर्ति हर माह समय पर हो। अंडा नहीं खाने वाले बच्चों को विकल्प के रूप में फल देने की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। वहीं, रसोइया-सहायिकाओं के मानदेय भुगतान के लिए पंजीकरण प्रक्रिया पूरी करने का निर्देश दिया।
स्कूलों में लगेंगे स्वास्थ्य जांच शिविर।
आरबीएसके के तहत नियमित स्वास्थ्य जांच शिविर लगाने और बच्चों में दिव्यांगता की पहचान करने का निर्देश दिया गया। चिह्नित बच्चों को एलिम्को के माध्यम से आवश्यक सहायक उपकरण उपलब्ध कराए जाएंगे। बैठक में डीडीसी, जिला आपूर्ति पदाधिकारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी, बीईईओ, बीपीओ, सीआरपी सहित संबंधित अधिकारी मौजूद थे।





