कानूनी अधिकारों की दी जानकारी, फल बांटे; सुविधाओं का लिया जायजा।
राजकुमार भगत
पाकुड़। अंतर्राष्ट्रीय वरिष्ठ नागरिक दिवस पर बुधवार को जिला विधिक सेवा प्राधिकार (डालसा) की सचिव रूपा बंदना किरो सोनाजोड़ी स्थित वृद्धाश्रम पहुंचीं। उन्होंने वृद्धजनों से मुलाकात कर उनके स्वास्थ्य और समस्याओं की जानकारी ली। इस दौरान बुजुर्गों के बीच फल का वितरण भी किया गया। झालसा, रांची के निर्देश और प्रभारी प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह डालसा अध्यक्ष कुमार क्रांति प्रसाद के निर्देश पर आयोजित कार्यक्रम में सचिव ने वृद्धाश्रम की व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया। उन्होंने साफ-सफाई, पेयजल, रसोई, शयन कक्ष समेत अन्य मूलभूत सुविधाओं का निरीक्षण किया और आवश्यक जानकारी ली। जागरूकता शिविर में वरिष्ठ नागरिकों को उनके कानूनी अधिकारों और उपलब्ध विधिक सेवाओं की जानकारी दी गई। माता-पिता एवं वरिष्ठ नागरिकों के भरण-पोषण एवं कल्याण अधिनियम, 2007 के प्रावधानों से अवगत कराते हुए उनके अधिकार, सम्मान, सुरक्षा और गरिमा बनाए रखने पर जोर दिया गया। साथ ही जरूरतमंद लोगों को निशुल्क कानूनी सहायता उपलब्ध कराने और कमजोर वर्गों के हितों की रक्षा के लिए चलाए जा रहे कार्यक्रमों की जानकारी दी गई। इस दौरान वरिष्ठ नागरिकों को नालसा के टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर 15100 की जानकारी भी दी गई। कार्यक्रम में डालसा कर्मी, वृद्धाश्रम के कर्मचारी और बड़ी संख्या में वरिष्ठ नागरिक मौजूद थे।





