Search

October 3, 2026 10:40 pm

दुकान में घुसकर दुकानदार पर तानी पिस्तौल, फायरिंग कर मचाई दहशत; ग्रामीणों ने नाकाम की लूट।

दो बाइक से आए पांच नकाबपोश बदमाशों ने कर्मचारी को भी पीटा, सीसीटीवी में कैद हुई पूरी वारदात

पाकुड़िया/पाकुड़/ पाकुड़िया थाना क्षेत्र के मोहुलपहाड़ी गांव में शुक्रवार शाम हथियारबंद बदमाशों ने लूटपाट के इरादे से किराना दुकान पर धावा बोल दिया। दो मोटरसाइकिलों से पहुंचे पांच नकाबपोश बदमाशों ने दुकानदार महेश प्रसाद गुप्ता पर पिस्तौल तानकर रुपये मांगे। विरोध की स्थिति में बदमाशों ने दुकान के अंदर गोली चला दी। हालांकि, दुकानदार काउंटर के पीछे झुक गए और गोली उन्हें नहीं लगी। बदमाशों ने दुकान के कर्मचारी के साथ मारपीट भी की। लेकिन गोली चलने की आवाज सुनकर ग्रामीणों के जुटने पर सभी बदमाश बिना लूटपाट किए फरार हो गए। घटना शुक्रवार शाम करीब सात बजे की है। प्राथमिकी के अनुसार, दुकानदार काउंटर पर बैठकर एक ग्राहक से बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान दो बाइक से चार-पांच बदमाश पहुंचे। एक बदमाश सिगरेट लेने के बहाने दुकान में घुसा, जबकि दूसरा पिस्तौल लेकर गेट पर खड़ा हो गया। सिगरेट पीने के दौरान ही अंदर मौजूद बदमाश ने दुकानदार पर पिस्तौल तानकर रुपये निकालने की धमकी दी और फायरिंग कर दी। इसके बाद बदमाशों ने दुकान में रखे डंडे से कर्मचारी संजय कुमार कानू की पिटाई की। उस पर भी गोली चलाने का प्रयास किया, लेकिन फायर नहीं हुआ। संजय किसी तरह वहां से निकलकर गांव पहुंचे और शोर मचाकर ग्रामीणों को बुलाया। ग्रामीणों को आते देख बदमाशों ने दुकान का शटर गिराकर दुकानदार को अंदर बंद कर दिया और दोनों बाइक से बालीडीह-खजूरडंगाल की ओर भाग निकले।

सीसीटीवी फुटेज से होगी बदमाशों की पहचान।

वारदात की सूचना पर पाकुड़िया पुलिस मौके पर पहुंची। एसडीपीओ महेशपुर विजय कुमार ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में वारदात कैद होने की बात सामने आई है। पुलिस फुटेज के आधार पर बदमाशों की पहचान करने में जुटी है। दुकानदार की शिकायत पर पांच अज्ञात बदमाशों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। थाना प्रभारी मनोज कुमार महतो ने बताया कि आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई की जा रही है। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है।

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!